दो माह से लापता महिला का शव अस्पताल में छोड़कर भागे, मामला संदिग्ध

भिण्ड, 24 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोहद में रविवार की रात कुछ लोग एक 35 वर्षीय महिला को लेकर पहुंचे, उन्होंने बताया कि महिला ने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया है। डॉक्टर ने महिला जांच की तो पता चला उसकी मौत हो चुकी है। डॉक्टर ने साथ आए लोगों को बुलाया, लेकिन वे महिला को अस्पताल में छोड़कर भाग गए। महिला की शिनाख्त गीतादेवी उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। जो कि दो महीने से लापता थी।
मौ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खेरिया चंदन के मजरा खेरियाबार निवासी मनीराम कुशवाह ने उसकी पहचान की। मंगलवार शाम को उसने बताया कि महिला उसकी पत्नी गीतादेवी है। मनीराम ने बताया कि दो माह से गीता गायब थी, उसकी गुमशुदगी मौ थाने में दर्ज कराई थी। मनीराम ने अपने गांव के पूर्व सरपंच रामअवतार कुशवाह पर पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया। उसने मामला दर्ज कराने के लिए थाना प्रभारी मौ के आवेदन भी दिया है। गोहद अस्पताल के डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि रविवार को अस्पताल में महिला के परिजनों को काफी खोजा, लेकिन वे मिले नहीं। उन्होंने महिला के शव को पोस्ट मार्टम घर में रखवा दिया था। स्थानीय पुलिस को सूचित कर किया। दो दिन तक शव पोस्टमार्टम घर में रखा रहा। इसके बाद उसकी पहचान हो सकी।

इनका कहना है-

मामला संदिग्ध है, मौ से महिला को 35 किमी दूर गोहद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि मौ में बड़ा अस्पताल था, परिजन महिला को छोड़कर भाग गए। मामला कायम कर कार्रवाई के लिए मौ थाने प्रकरण को भेज दिया गया है।
राजेश सातनकर, थाना प्रभारी गोहद