नाराजगी के चलते और भी पदाधिकारी दे सकते हैं इस्तीफा
भिण्ड, 23 अगस्त। भाजपा युवामोर्चा जिलाध्यक्ष द्वारा सोमवार को देर रात लहार विधानसभा क्षेत्र के मिहोना, मछण्ड, लहार, असवार, दबोह एवं आलमपुर भाजपा युवामोर्चा मण्डल अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है। जिसमें गौरव दीवौलिया को भाजपा युवामोर्चा आलमपुर मण्डल अध्यक्ष बनाया गया है। लेकिन भाजपा युवामोर्चा मण्डल अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर आलमपुर मण्डल में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। भाजपा युवामोर्चा मण्डल अध्यक्ष की नियुक्ति से नाराज भारतीय जनता पार्टी के आलमपुर मण्डल अध्यक्ष कुलदीप सिंह कौरव ने तो अपने पद से इस्तीफा तक दे दिया है।
भारतीय जनता पार्टी मण्डल अध्यक्ष आलमपुर कुलदीप सिंह कौरव द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजे गए इस्तीफा में उल्लेख किया गया है कि पार्टी के कार्यकर्ता को हासिये की नोक पर रखकर उसकी निष्ठा के साथ खिलवाड़ किया गया है। जब परिवारवाद की राजनीति के कारण युवामोर्चा के जिला अध्यक्ष की घोषणा होती है। संगठन की समझ न होने के कारण ऐसे निर्णय लिए जाते है। जिसमें मण्डल अध्यक्ष भाजपा के दिए हुए पैनल के अलावा पद बांटे गए। खर्चे की दम पर पर्चे पर नाम आया है। जिस व्यक्ति को मैंने पार्टी में काम करते हुए नहीं देखा और जो ग्वालियर में नौकरी करता हो ऐसे कार्यकर्ता को आपने पद दे दिया। जिससे मन बहुत आहत है और मैं भाजपा मण्डल अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहा हूं, जिसे आप मान्य करें। इधर सूत्रों का कहना है कि इस मामले को लेकर आलमपुर भाजपा मण्डल के और भी पदाधिकारी अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।