विमला नरेन्द्र दुधारिया अध्यक्ष व हाकिम चौधरी बने उपाध्यक्ष
भिण्ड, 10 अगस्त। दबोह नगर की नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों का ही चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ है। अध्यक्ष कांग्रेस की वार्ड क्र.छह से विजय हुई विमला नरेन्द्र दुधारिया बनी है, वहीं उपाध्यक्ष भी कांग्रेस के वार्ड क्र.चार से विजय हुए हाकिम सिंह चौधरी बने हैं। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही पदों पर कांग्रेस का कब्जा रहा।
यहां बता दें कि नगर परिषद चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ होने से पहले ही मप्र कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने नगर परिषद दबोह में कांग्रेस की परिषद बनने की घोषणा कर दी थी। इस बार कांग्रेस ने नगर के १५ वार्डों में से १२ वार्डों पर विजय प्राप्त की। आज अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हुई और इनके विरोध में भाजपा के किसी भी पार्षद का फार्म भरना तो दूर की बात है कार्यालय के आस-पास भी नजर नहीं आए। जिसके बाद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के नामों की घोषणा कर दी गई। अध्यक्ष पद के लिए नगर परिषद कार्यालय में लगभग ११ बजे से नाम निर्देशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। १२ बजे तक केवल कांग्रेस की विमला नरेन्द्र दुधारिया के द्वारा ही फार्म भरा गया था, जिसके बाद उनकी फार्म की समीक्षा करने के उपरांत उनके नाम की अध्यक्ष पद के लिए घोषणा कर दी गई। उपाध्यक्ष पद के लिए लगभग दो बजे से नाम निर्देशन फार्म भरे गए। इस दौरान कांग्रेस नेता हाकिम चौधरी के अलावा किसी ने भी अपना नाम निर्देशन पर नहीं भरा। जिसके बाद उनके फार्म की समीक्षा करके उनके नाम की उपाध्यक्ष पद के लिए घोषणा कर दी गई।
इस दौरान पीठासीन अधिकारी महेन्द्र गुप्ता, सहायक पीठासीन अधिकारी अमित दुबे, कमलेश झा ने प्रमाण पत्र प्रदान किए। यहां बता दें कि उपाध्यक्ष बने हाकिम चौधरी नगर के जाने माने एक प्रतिष्ठित व्यक्ति हंै जो काफी लंबे समय से मप्र नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के निर्देशन में कांग्रेस पार्टी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं नगर के युवाओं का भी चौधरी से एक अलग ही लगाव बना हुआ है। नगर के आम नागरिकों से भी चौधरी के अच्छे संबंध है। जैसे ही कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कांग्रेस के बनने की खबर लगी तो वह ढोल नगाड़ों एवं डीजे के साथ नगर परिषद कार्यालय के बाहर पहुंच गए और वहां से नगर के नगर परिषद कार्यालय से लेकर वार्ड क्र.चार के पूर्व पार्षद सनाउल्ला खान के घर तक धूमधाम के साथ अपनी खुशी जाहिर करते हुए एक जुलूस निकाल कर जश्न मनाया। यह जुलूस वापस आकर स्थानीय झंडा चौक पर एक सभा में परिवर्तित हो गया। जहां अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेन्द्र दुधारिया ने कहा कि दबोह की जनता ने हम पर जो विश्वास जताया है हम उसको ईमानदारी के साथ काम करके बखूबी निभाने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम मंच संचालन मप्र कांग्रेस के महामंत्री शिवनारायण दुबे बल्लू बकील ने किया।
छह माह में बदल दूंगा नगर की दशा : हाकिम चौधरी
दबोह में हुए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के निर्वाचन के दौरान नव निर्वाचित उपाध्यक्ष हाकिम चौधरी ने दबोह की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप लोग मुझे सिर्फ छह महीने का समय दें, इन छह महीनों के अंदर मैं नगर की सारी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित कर नगर की दशा बदल दूंगा। यदि जिस दिन मैं यह नहीं कर पाऊंगा उस दिन मुझे दबोह के उपाध्यक्ष पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं होगा, मैं स्वयं अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा। नगर परिषद कार्यालय में चल रहे भ्रष्टाचार को पूर्ण रूप से खत्म कर दूंगा, यह मेरा आप लोगों से वादा है। इस मौके पर जिला पूर्व जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजाबाबू सेंगर, युवक कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव अनुरुद्ध प्रताप सिंह, लहार ब्लॉक अध्यक्ष लहार राजू मौलया, कांग्रेस नेता नवनिर्वाचित लहार जनपद उपाध्यक्ष रामेश्वर दयाल कौरव, रमाशंकर कौरव (रमा कौरव), राजेन्द्र खेमरिया, पार्षद पति माधव यादव, पार्षद सुधीर तिवारी, पार्षद जगमोहन तेहरिया, पूर्व पार्षद सना उल्ला खान, पार्षद पति शेरे पठान, पार्षद दिनेश ठाकुर आदि लोग मौजूद रहे।