भिण्ड नगर पालिका में वर्षा अमित बाल्मीक अध्यक्ष एवं भानूप्रताप बने उपाध्यक्ष

नगरीय निकाय अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष निर्वाचन- आठ निकायों में चार पर भाजपा व चार पर कांग्रेस काविज

भिण्ड, 10 अगस्त। जिले की आठ नगरीय निकायों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए बुधवार को मतदान हुआ। जिनमें चार निकाय भाजपा के पक्ष में गईं, जबकि चार पर कांग्रेस को जीत हासिल हुई। आज नगर पालिक भिण्ड, लहार एवं नगर परिषद फूफ, गोरमी, मौ, मालनपुर, दबोह, आलमपुर में निर्वाचन हुआ। जिसमें लहार क्षेत्र की तीन निकायों पर कांग्रेस एवं फूफ, मालनपुर में भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुने गए।
भिण्ड नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी की वर्षा अमित बाल्मीकि को अध्यक्ष एवं भानूप्रताप सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। नगर परिषद फूफ में भाजपा की श्रीमती नफीसा-मुस्तकीम चौधरी निर्विरोध अध्यक्ष एवं सत्यवती राजावत को निर्विरोध उपाध्यक्ष, नगर परिषद मौ में भाजपा की श्रीमती वंदना यादव अध्यक्ष एवं श्रीमती नीरू पंकज कुशवाह उपाध्यक्ष चुने गए। नगर परिषद बनने के बाद पहली बार चुनाव होने के बाद नगर परिषद मालनपुर में भाजपा की श्रीमती रायश्री पत्नी मुकेश जाटव निर्विरोध अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष जितेन्द्र गुर्जर उपध्यक्ष निर्वाचित हुए।


इसी प्रकार नगर पालिका लहार में कांगे्रस की श्रीमती मिथलेश-रिंकू नौरोजी निर्विरोध निर्वाचित हुई। नगर परिषद दबोह में कांगे्रस की श्रीमती विमला दुधारिया अध्यक्ष एवं हाकिम चौधरी उपाध्यक्ष चुने गए। नगर परिषद आलमपुर में कांगे्रस के मेहताब सिंह कौरव निर्विरोध अध्यक्ष एवं नगर परिषद गोरमी में कांगे्रस की श्रीमती पुष्पा महेश्वरी जाटव अध्यक्ष एवं रजनी ओमकार यादव उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। निकाय अध्यक्ष पदों पर बुधवार को हुए चुनाव में खास बात यह रही कि कांग्रेस के लहार विधायक एवं मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के विधानसभा क्षेत्र से निकाय चुनाव में भाजपा का पूरी तरह सफाया करते हुए यहां की तीन निकायों पर कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी निर्विरोध जिताया।
यहां बता दें कि नगर परिषद गोरमी में कांग्रेस की प्रत्याशी को विजयश्री मिली, जबकि गोरमी भाजपा का गढ़ माना जाता है, क्योंकि इसी क्षेत्र से मेहगांव विधानसभा के वर्तमान विधायक एवं राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया आते हैं। साथ ही मेहगांव क्षेत्र के पूर्व विधायक मुकेश चौधरी का भी यहां पर अच्छा खासा दबदबा है। लेकिन यहां पर भी नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के भांजे राहुल सिंह भदौरिया ने कांग्रेस प्रत्याशी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। इसके साथ ही मौ नगर परिषद में भाजपा का अध्यक्ष निर्वाचित हुआ है। मौ नगर परिषद भी भाजपा का ही गढ़ रहा है एवं यहां पर भाजपा के नेता सारथी समूह के एमडी अशोक भारद्वाज का अच्छा खासा दबदबा है।