पार्टी की नीति के कारण चार निकायों में बने भाजपा के अध्यक्ष

प्रदेश के सहकारिता मंत्री ने पत्रकार वार्ता में दी शुभकामनाएं

भिण्ड, 10 अगस्त। जिले के चार नगरीय निकायों में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों नगर पालिका अध्यक्ष भिण्ड वर्षा बाल्मीकि एवं नगर परिषद मौ से बंदना सज्जन सिंह यादव, नगर परिषद फूप से नफीसा मुस्तकीम एवं नगर परिषद मालनपुर से राजश्री को अध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया ने विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति के कारण भारतीय जनता को पूर्ण बहुमत मिला। भाजपा समर्थित अध्यक्ष उपाध्यक्ष बनने पर उन्होंने कहा कि गांव, नगर में भाजपा की यह विजय दर्शाती है कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार तथा संगठन नेतृत्व के प्रति जनता का पूर्ण विश्वास है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में हम विकास की नई ऊंचाइयों को छुएंगे। सदर विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू ने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों की विजय पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। इस अवसर पर प्रेसवार्ता में सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, पूर्व सांसद डॉ. रामलखन सिंह कुशवाह, भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश दुबे, नवनिर्वाचित नगर पालिका भिंड अध्यक्ष वर्षा बाल्मीक, नगर पालिका उपाध्यक्ष भानु भदौरिया, जिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रामनरेश शर्मा, जिला महामंत्री धर्म सिंह, जिला मीडिया प्रभारी रमाकांत पटसारिया, सह मीडिया प्रभारी अमित यादव, मंडल अध्यक्ष शेरू पचौरी, अमित जैन, गौरव बाबा एवं पार्टी के अन्य पदाधिकारी, मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।