– प्रदेश उपाध्यक्ष बोले- मृतकों के परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं
भिण्ड, 14 जून। अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया विमान हादसे में 270 से ज्यादा लोगों की मौत पर पूरे देश में शोक है। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम भिण्ड में परेड चौराहे पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कैण्डल जलाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक जाटव समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक जाटव ने कहा कि यह हादसा केवल विमान में सवार लोगों तक सीमित नहीं रहा, आस-पास के कई नागरिक भी इसकी चपेट में आए। देश ने एक साथ 270 से ज्यादा लोगों को खो दिया है। यह उन परिवारों के लिए भी असहनीय पीडा है, जिन्होंने अपने अपने परिजन गंवाए हैं। सभी मृतकों के परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं है। आप नेताओं ने केन्द्र सरकार से इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अशोक जाटव के अलावा जिलाध्यक्ष अभिलाख सिंह कुशवाह, जिला सचिव राजेश शाक्य, विक्रम शाक्य, धर्म सिंह जाटव, शिवम, राजकुमार, जसवंत शाक्य, रामसिया दंडौतिया, गुलाब सिंह, शिवकुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पीडित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें संबल प्रदान करने की अपील की।