दीपावली के लिए सजे बाजार, बड़ी तादात में उमड़ रहे खरीदार

कोरोना संक्रमण काल में लोगों में दिवाली पर दिखा सबसे अधिक उत्साह

भिण्ड, 03 नवम्बर। इस बार दीपावली के त्योहार ने लोगों के बीच उत्साह का संचार कर दिया है। इस त्योहार को मनाने के लिए लोग सड़कों पर उतर गए है। बाजार पूरी तरह से सजकर तैयार है। शहर में खरीददारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। जबकि पिछली साल कोरोना संक्रमण के चलते इस त्यौहार पर लोगों का उत्साह बेहद फीका रहा था।
शहर का हर बाजार सजा हुआ है, चारों दिशाओं में दुकानों को लगाकर सजाया गया है। दुकानों में ग्राहकों का आकर्षण बनाए रखने के लिए एक से बढ़कर एक चीजों को सजाकर आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। लोग घरों की सफाई करने के लिए रंग-रोगन के सामान खरीद रहे हंै। दुकानदारों द्वारा बाजारों में बर्तन, वाहनों के शो रूम, सजावटी सामान, मिठाई की दुकान, कपड़ों के दुकान, ज्वेलरी के दुकान से लेकर मिट्टी के दिए, खिलौने आदि को उतार दिया गया है। उत्साह के बीच त्यौहार का आनंद लोग उठा रहे है। प्रचण्ड महंगाई के बाद भी लोग सामानों की खरीदारी करने में जुट गए हैं। बाजार की रौनक देखकर दुकानदार उम्मीद लगाए हुए है कि बेहतर परिणाम इस बार दीपावली में दिखाई देगा। उधर खरीददारी को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

दीपावली की खरीददारी के लिए बाजार में उमड़ी भीड़

मिठाई की दुकानों पर भीड़

दीपावली के लिए बाजार में मिठाई की दुकानों पर लोगों की कतारें देखी गईं। इसके अलावा लोगों ने खील बतासे खिलौने, घर की सजावट से संबंधित सामान, फूल, फल और बिजली की मालाओं की खरीदारी की। एक मिष्ठान भण्डार के संचालक ने बताया कि ग्राहकों ने मोतीचूर के लड्डू, मिल्क केक, मूंग की बर्फी, बेसन की बर्फी, बालूशाही, चॉकलेट बर्फी, कलाकंद, सोन पपड़ी आदि की अच्छी मांग है। उन्होंने बताया कि मिठाई की गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखा जा रहा है।

मिट्टी के दीयों का क्रेज बढ़ा

आधुनिक चकाचौंध में जहां इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की भरमार हो गई है, बावजूद इसके लोगों में मिट्टी के दीयों की परंपरा आज भी बरकरार है। लोग मिट्टी के बर्तन का आज भी घर में इस्तेमाल कर रहे हैं और दीपावली पर्व पर मिट्टी के बने दिए जलाते हैं। त्योहारों को लेकर लोअर बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स लाइटें, इलेक्ट्रिकल दिए और डिजाइनर मोमबत्तियां उपलब्ध हैं, फिर भी लोग दीपावली पर्व को साकार बनाने के लिए मिट्टी के दिये खरीद रहे हैं।

शहर में तैनात है पुलिस

उधर पुलिस अधीक्षक ने दीपावली के त्योहार पर बाजार में बढ़ती भीड़ के चलते दुकानदारों एवं खरीददारों की सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात किया है। पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के सभी बाजारों के अलावा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस कर्मचारी लगाए गए हैं, बड़े वाहनों को बाजार से गुजरने के लिए मनाही है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।