ओपीएस की रंगोली तथा ओपीएस दीपोत्सव के साथ मनाई दीवाली

भिण्ड, 03 नवम्बर। न्यू मूवमेंट फार ओल्ड पेंशन संघ मप्र 2005 से पुरानी पेंशन व्यवस्था से वंचित शासकीय अधिकारी कर्मचारियों के लिए पुन: पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाली हेतु आंदोलन प्रांतीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिंह तिवारी के नेतृत्व पर पूरे प्रदेश में जारी है। संघ के बैनर तले भिण्ड जिले में भी सभी विभागों के एनपीएस अधिकारी कर्मचारी लगातार आंदोलन के माध्यम से ज्ञापन प्रदर्शन कर मांग उठा रहे हैं। प्रांतीय निर्णय के आधार पर पूरे प्रदेश में ओपीएस दीपोत्सव तथा महिला प्रकोष्ठ कर्मचारियों द्वारा रंगोली बनाकर पेंशन की मांग किया जा रहा है, क्योंकि दीपावली पर्व सुख समृद्धि का प्रतीक माना जाता है, परंतु जब बुढ़ापे में 500 रुपए पेंशन मिलेगी तो महिने का दूध नहीं आ पाएगा, दीपावली कैसे मनाएंगे, इसलिए भविष्य की दीपावली सुख से मनाई जाएं।
न्यू मूवमेंट फार ओल्ड पेंशन संघ की भिण्ड महिला कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती अंजू शर्मा ने बताया कि पूरे जिले के एनपीएस अधिकारी कर्मचारी दीपावली पर्व में ओपीएस दीपोत्सव मनाकर दीपदान करेंगे तथा महिला प्रकोष्ठ द्वारा अपने-अपने घरों को ओपीएस रंगोली से सजाया है। अंजू शर्मा ने कहा कि हमारी लड़ाई निरंतर जारी रहेगी, जब तक पेंशन बहाल नहीं किया जाता है। आने वाले समय में भोपाल राजधानी भी भरेंगे, महिला घर से कम निकलती है, जब निकलती है तो भूचाल आ जाता है, इसलिए सरकार जागे, हमे पुन: पुरानी पेंशन व्यवस्था का लाभ प्रदान करे।