नवकरणीय ऊर्जा मंत्री ने पत्रकारों को सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियां बताईं

-मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान, जनकल्याण पर्व, राजस्व महाअभियान सहित अन्य उपलब्धियों की जानकारी दी

भिण्ड, 14 दिसम्बर। मप्र शासन के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग मंत्री राकेश शुक्ला ने शुक्रवार को जिले के पत्रकारों से चर्चा कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए गए मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान, जनकल्याण पर्व, राजस्व महाअभियान 3.0, केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजनाओं के संबंध में चर्चा की। साथ ही मप्र सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक वर्ष का शासन काल हुआ है वह बहुत ही गौरवशाली रहा है। उन्होंने 11 दिसंबर से 26 जनवरी तक मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान एवं 11 से 26 दिसंबर तक जनकल्याण पर्व चलाने का जो निर्णय लिया है, प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि पंचायत में गांव स्तर पर और नगरीय निकाय में वार्ड स्तर तक जाएं और शासन की जो चिन्हित योजनाएं हैं उनमें कोई हितग्राही छूट गए हैं उन पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करना, समस्याओं को एकत्रित कर शासन को भेजना है। उन्होंने कहा कि शासन, प्रशासन और आप सभी के सहयोग से राज्य सरकार और केन्द्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को निचले स्तर तक पहुंचाने का काम करना है ताकि छूटा हुआ कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहे।