-जिला चिकित्सालय के बूथ पर विधायक भिण्ड एवं कलेक्टर ने किया शुभारम्भ
भिण्ड, 08 दिसम्बर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान रविवार को प्रथम दिन शाम पांच बजे तक जिलेभर में जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग सवा दो लाख बच्चों को दो-दो बूंद पोलियो निरोधी दवा पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह एवं कलेक्टर भिण्ड संजीव श्रीवास्तव ने जिला चिकित्सालय भिण्ड के बूथ पर जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह भदौरिया, सीएमएचओ डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरएन राजौरिया, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. किशन सिंह राजावत, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीके शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजेश शर्मा उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह द्वारा अभियान की मॉनिटरिंग हेतु समस्त ब्लॉक पर एक-एक इंटरनल मॉनिटर नियुक्त किया गया है इस अभियान में कलेक्टर के निर्देशानुसार अन्य विभागीय अधिकारी भी अपने अपने क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं, जिससे उनके क्षेत्र में एक भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रह जाए। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान अंतर्गत जिले में 2610 बूथ पर जन्म से पांच वर्ष के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाई गई।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. किशन सिंह राजावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार अभियान के सफल संचालन हेतु प्रशासनिक व्यवस्था काफी अच्छी रही है। इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भी सराहनीय कार्य किया गया। परिणाम स्वरूप बच्चों में दवा पीने हेतु अच्छा उत्साह देखने को मिला। डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह द्वारा यह भी बताया कि जो बच्चे किन्हीं कारणों से आज दवा पीने से वंचित रह जाते हैं, उन्हें नौ एवं 10 दिसंबर को कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण के दौरान पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।