बिल्कुल भी संकोच नहीं कि आने वाला समय महिलाओं का होगा : कलेक्टर

-शक्ति अभिनंदन अभियान एवं अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के तहत सम्मान समारोह आयोजित

रविन्द्र बौहरे

भिण्ड, 11 अक्टूबर। वर्तमान में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, अपितु बहुत सी जगह ऐसी हैं जहां पर महिलाएं पुरुषों से आगे हैं और अब हमें यह कहते हुए बिल्कुल भी संकोच नहीं है कि आने वाला समय महिलाओं का होगा। आपको अपने अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी महिला बाल विकास विभाग द्वारा प्रदान की जाती रही है आप अपने अधिकारों को जानें। महिलाओं के संरक्षण और उनको आगे बढाने के संबंध में जो भी नियम हैं, शासन की योजनाएं हैं उनका लाभ लेते रहें और सतत प्रयास करते रहें उनके द्वारा आगे अवगत कराया गया कि दुनिया में कोई भी काम असंभव नहीं है, अब लडकियां, महिलाएं सेना में भी जा रही हैं। यह बात कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने शक्ति अभिनंदन अभियान एवं अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एक सम्मान समारोह कार्यक्रम में कही।
कलेक्टर श्रीवास्तव ने दुष्यंत कुमार की पंक्ति को उदबोधित करते हुए कहा कि कौन कहता है आकाश में छेद नहीं हो सकता एक पत्थर तो तबीयत से उछालो। उन्होंने कहा कि पूर्व में जो काम महिलाओं के लिए असंभव माने जाते थे आज सभी जगह महिलाएं इंजीनियर, डॉक्टर, प्रशासनिक अधिकारी, वकील, राजनीतिज्ञ सभी जगह महिलाएं विद्यमान हैं और वह न केवल एक अच्छा घर परिवार चला रही हैं अपितु प्रशासनिक तंत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, महिलाओं में प्रबंधन का नैसर्गिक गुण विद्यमान होता है। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी महिलाओं और बालिकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना ने बालिकाओं को पोक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम के संबंध में मिशन वात्सल्य के तहत विस्तार से जानकारी दी गई एवं शौर्य दल गठन के उद्देश्य एवं शौर्या दल के कार्य समझाए गए। सम्मान समारोह में जिला अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा खेलकूद एवं किसी भी क्षेत्र में उत्कर्ष कलेक्शन करने वाली बालिकाओं, महिलाओं को कलेक्टर ने सम्मानित कर उन्हें प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग से सामाजिक कार्यकर्ता संजय मिश्रा, लेखपाल आनंद मिश्रा, जितेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे।