सदस्यता अभियान के लिए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शुक्रवार को भिण्ड आएंगे

– मालनपुर, गोहद चौराहा, बरही, मेहगांव भिण्ड में आयोजित भाजपा के सदस्यता अभियान में होंगे शामिल

भिण्ड, 03 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2024 संगठन पर्व सदस्यता अभियान के तहत भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत चार अक्टूबर को भिण्ड जिले के सदस्यता अभियान में शामिल होकर सर्व समाज को भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे। उनके आगमन को लेकर भाजापा ने निर्धारित स्थानों पर आवश्यक तैयारी को प्रारंभ कर दिया हैं, सिंधिया के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उमंग और उत्साह की लहर जागृत हुई है और उनके अभूतपूर्व स्वागत के साथ पार्टी के हजारों लोग भाजपा के प्राथमिक सदस्य बनकर पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लेंगे।
भाजपा मीडिया सेंटर से प्रेस विज्ञप्ति में जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य सदस्यता अभियान के जिला संयोजक डॉ. रमेश दुबे ने संयुक्त रूप से बताया कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चार अक्टूबर को ग्वालियर महाराजपुरा एयरपोर्ट से भिण्ड जिले के लिए रवाना होंगे। वेजिले के गोहद विधानसभा के नगर परिषद मालनपुर, गोहद चौराहा, विधानसभा क्षेत्र अटेर, विधानसभा क्षेत्र मेहगांव, विधानसभा क्षेत्र भिण्ड के अहिंसा चौक खण्ड रोड पर सदस्यता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संगठन पर्व सदस्यता अभियान को लेकर आवश्यक तैयारी प्रारंभ कर दी गई हैं, उन्होंने पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं क्षेत्रीय जनता एवं सर्व समाज के लोगों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में ज्योतिराज सिंधिया के स्वागत की अगवानी एवं पार्टी के प्राथमिक सदस्य बनने के लिए निर्धारित स्थलों पर पहुंचकर उनके नेतृत्व में सदस्य अभियान को ग्रहण करें।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया की प्रभावी अगवानी करें कार्यकर्ता : डॉ. दुबे
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगमन को लेकर भाजपा कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। जिसमें कार्यक्रम को सर्वव्यापी बनाने के लिए जिले के सभी पदाधिकारी को कहा गया है कि वह अधिक से अधिक संख्या में सदस्यता अभियान के तहत केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का सदस्यता अभियान कार्यक्रम को सर्वव्यापी बनाने के लिए जुड जाएं ताकि सदस्यता अभियान का लक्ष्य जिले से अधिक होकर भाजपा को मजबूती प्रदान की जा सके। सभी कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में अहिंसा चौक खण्डा रोड एवं स्वागत निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर कार्यक्रम को सर्वव्यापी बनाते हुए हर समाज के व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए जनसंपर्क करें। बैठक में जिला महामंत्री मनोज अनंत, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र राजौरिया, मुकेश जैन, रोहित शाक्य, शेखर खटीक, अमित जैन, भाजयुमो के जिला महामंत्री अतिराज सिंह नरवरिया, जिला उपाध्यक्ष आशीष समाधिया, राजीव उपाध्याय, अनुज सियार आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया का मालनपुर आगमन
भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के तहत चार अक्टूबर को दोपहर 12 बजे केन्द्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हनुमान चौराहे पर सदस्यता अभियान में भाग लेंगे। इसके बाद भिण्ड के लिए प्रस्थान करेंगे। इससे पहले केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के भिण्ड जिले में आने पर बरेठा टोल प्लाजा, हनुमान चौराहा, हरीरामपुरा पर कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रणवीर जाटव द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी अगवानी कर स्वागत किया जाएगा। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ग्वालियर सुरेन्द्र शर्मा मालनपुर पर कमलाराम संस फिलिंग सेंटर मालनपुर पर भव्य स्वागत किया जाएगा। सदस्यता अभियान से पूर्व बरेठा टोल से लेकर मालनपुर में कई जगह जगह स्वागत किया जाएगा।