सहृदय व्यक्तित्व के धनी हैं राकेश शुक्ला, मेहगांव को मिला पहिला कैबिनेट मंत्री

– सुबोध अग्निहोत्री


राकेश शुक्ला एक ऐसा नाम है, जो मेहगांव की जनता में पूरी तरह घुला मिला व रचा बसा हुआ है। वे सहृदय व्यक्तित्व के इंसान हैं। जिसके हैं उसके हैं। वैसे वे विरोध किसी से पालते नहीं हैं, लेकिन जो विरोध करता है उसे भी वे एक बार सुधरने व सही दिशा में चलने का मौका जरूर देते हैं। यही कारण है कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र मेहगांव में अच्छी पकड बनाए हुए हैं।
राजनीति उन्हें विरासत मिली। उनके पिता स्व. शिवकुमार शुक्ला जी जनसंघ फिर भाजपा के कद्दावर नेताओं में से थे। वे भिण्ड जिले के जिलाध्यक्ष भी रहे, निडरता से राजनीति करने वालों में उनका नाम था, पेशे से वकील और सक्रिय राजनीति में रहकर उनका प्रदेश स्तर तक नाम था। वे ऐसे नेता थे कि भिण्ड जिले की जातिवादी राजनीति से भी ऊपर थे। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे उन्हें बेहद पसंद करते थे। उनके निधन के बाद वर्ष 1998 में स्व. ठाकरे जी की पहल पर ही उनके पुत्र राकेश शुक्ला को भाजपा का टिकिट मिला, पिता के निधन की सहानुभूति के चलते ठाकुर और ब्राह्मणों ने उनका साथ दिया और वे चुनाव जीत कर आए। इसके बाद 2008 में वे चुनाव जीते और फिर 2023 के चुनाव में मेहगांव से तीसरी बार विधायक बने और सीधे कैबिनेट मंत्री बने। वे मेहगांव के इकलौते ऐसे विधायक हैं जो कैबिनेट मंत्री बने हैं। इसके पूर्व ओपीएस भदौरिया ही मेहगांव से राज्यमंत्री बनाए गए थे।
राकेश शुक्ला बेहद सहज व सरल व्यक्ति हैं। अहंकार से कोसों दूर हैं। हर व्यक्ति से मिलना और उसका समाधान करना उनके स्वभाव में है। क्षेत्र में भी किसी भी दल के बडे बुजुर्ग का सम्मान करने से वे नहीं चूकते। सुशिक्षित व सुसंस्कारित परिवार में जन्मे श्री शुक्ला की ईमानदारी ही पूंजी है, जिसकी वजह से वे इस ओहदे तक पहुंचे हैं। विधायक रहते हुए भी और न रहते हुए भी वे अपने स्व. पिता की पुण्यतिथि प्रतिवर्ष मनाते हैं और उन्हीं के पद चिन्हों पर चल कर राजनीति कर रहे हैं। नैतिकता, सहजता, सहृदयता का गुण उन्हें और भी आगे तक लेकर जाएगा। यही उनकी पूंजी है और इसी की दम पर वे साफ साफ कहने से भी नही चूकते। मेहगांव की जनता धन्य है जिसे राकेश शुक्ला जैसा प्रतिनिधि मिला है। वे प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के मंत्री हैं और भिण्ड जिला जो इस कार्य से अभी तक अछूता रहा है उसमें निश्चित रूप से कोई अच्छा कार्य जरूर होगा। यही आशा और विश्वास भिण्ड की जनता को अपने मंत्री से है।