तस्करों से करेंगे गायों की रक्षा, अस्थाई गौशाला बनाकर करेंगे फसल सुरक्षा

गौ माता के हत्यारे तस्करों पर शिकंजा कसेगा गौरक्षा संगठन

मिहोना, 01 अक्टूबर। ग्राम पढ़ोन के पुरा में गौ संवर्धन पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत ग्रामीणों द्वारा ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से उपस्थित गौ रक्षा संगठन प्रमुख संतोष चौहान ने कहा कि कालचक्र कलयुग के प्रभाव से देव स्वरूप गौ माता पर प्राणघातक संकट आ गया है, हमें अपनी मुक्ति मोक्ष दाता कल्याण करने वाली गौ माता के हित के लिए प्रयास करना होगा। गौ माता की हर जगह दुर्दशा हो रही है, शासन-प्रशासन, समाज के जिम्मेदार लोग गौ माता की सार्वजनिक अनदेखी कर रहे हैं, सरकार की गौ संवर्धन योजनाएं कागजों में चल रही है, समाज के हर वर्ग के लोग गौ माता की पुकार सुने, गौ सेवा, गौ रक्षा में यथासंभव योगदान देकर भगवान की कृपा पात्र बनें। कलयुग में गौ सेवा ही सर्वोपरि है। गौ सेवा से धन, वैभव, यश, कीर्ति, सुख, समृद्धि, मुक्ति, मोक्ष की प्राप्ति होती है।
गौ रक्षा संगठन से जुड़कर गांव के युवाओं ने गौ माता को कत्लखाने ले जाने वाले तस्करों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने का निर्णय लिया। साथ की चौपाल कार्यक्रम में सर्व सहमति से अस्थाई गौशाला बनाकर गायों से फसल सुरक्षा के लिए भी कार योजना बनाई गई।
गौ रक्षा संगठन संरक्षक नरेन्द्र सिंह चौहान ने पर्यावरण के विषय पर कहा कि गांव में मन्दिर परिसर, विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया जाएगा, किसानों को ज्यादा से ज्यादा वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पर्यावरण को बचाना हम आपके की जिम्मेदारी है, व्यक्ति के स्वस्थ जीवन के लिए प्रदूषण ग्रस्त वायुमंडल के शुद्धिकरण के लिए वृक्षों का लगाना अत्यंत आवश्यक है, वृक्ष बचेंगे तो मानव जीवन बचेगा, धरती के हर प्राणी का जीवन बचेगा, बीमारियों के भयानक प्रकोप खत्म होंगे। कार्यक्रम में गौ रक्षा संगठन के जिला उपाध्यक्ष राजबल सिंह राजावत, कलेसिंह, टिंकू सोलंकी, महादेव सिंह सहित ग्रामीण मौजूद रहे।