कर्मचारियों को पेंशन नहीं, विधायक-सांसदों को पेंशन : रघु ठाकुर

लोसपा के मेहगांव प्रत्याशी कौरव के समर्थन में आमसभा आयोजित

भिण्ड, 20 सितम्बर। प्रदेश में कई स्थानों पर कर्मचारी पुरानी पेंशन को लेकर हडताल पर हैं, कई वर्षों से कर्मचारियों की पेंशन बंद है, कर्मचारी यदि एक दिन हडताल पर चला जाए तो उसकी तनख्वा कट जाती है, जबकि विधायक और सांसदों को बगैर कार्य किए पूरा वेतन दिया जाता है। यह बात देश के प्रख्यात समाजवादी चिंतक व विचारक, लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक रघु ठाकुर ने अमायन में आमसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया ने कहा था कि सडकें मौन हो जाएंगी तो संसद आवारा हो जाएगी, आज डॉ. लोहिया की कहावत सच हो रही है, आज सडकें मौन हैं और सांसद और विधानसभा आवारा हो गई है, जो मन में आए वही कर रहे हैं। तीन दिन का संसद सत्र, दो दिन का विधानसभा सत्र, तनख्वाहें पूरी किस बात के लिए ली जा रही हैं। कर्मचारी हडताल करता हैं और ड्यूटी पर नहीं जाता तो तनख्वाह कट जाती है। मेंबर ऑफ पार्लियामेंट, मेंबर ऑफ विधानसभा की कोई तनख्वाह नहीं कटती।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी को यदि ताकत मिल गई तो विधायक और सांसदों की पेंशन बंद कर देंगे। उन्होंने गायों पर बोलते हुए कहा कि सडकों पर गौ माता कई स्थानों पर कटी हुई मिलती हैं, गौशालाओं के नाम पर कांग्रेस और भाजपा के लोग भ्रष्टाचार करते हैं। उन्होंने आगर मालवा एवं अन्य स्थानों की गौशालाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कई सैकडा गायें मर गईं, पोस्ट मार्टम से पता चला कि गायों की मौत भूख और प्यास से हुई। भाजपा, कांग्रेस के लोग गायों का भूसा, चार खाकर भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। उन्होंने गायों की रक्षा के लिए एक सिद्धांत भी बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी ने एक सिद्धांत बनाया है कि किसान को दो गाय दी जाएं और उनके पालने के लिए प्रति गाय तीन हजार रुपए, दो गायों के छह हजार रुपए, साल का 72 हजार रुपए दिए जाए तो गाय भी बच जाएंगी और किसान की भी आमदनी बढ जाएगी तथा भ्रष्टाचार भी नहीं होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की घोषणाओं के संबंध में कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा तीन बार अमायन को तहसील एवं नगर परिषद बनाने की घोषणाएं की गई थीं, परंतु आज तक उन घोषणाओं पर अमल नहीं किया गया। उन्होंने स्थानीय मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि पहले भी अमायन की गलियों के गड्ढों में कीचड और दलदल हुआ करता था और आज भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में झूठों की सरकार है मुख्यमंत्री हमेशा झूठी घोषणा करते हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंभूदयाल बघेल ने कहा कि प्रदेश में जो मुख्यमंत्री 18 वर्ष से बैठा है, वह झूठा मुख्यमंत्री है। लाडली बहन के नाम पर एक हजार रुपए बांट रहे हैं, 18 वर्ष से बहनों की याद क्यों नहीं आई, 18 वर्ष से प्रदेश को लूटने का कार्य किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इनसे पैसे भी ले लो और इन्हें वोट भी मत दो। उन्होंने पार्टी से घोषित प्रत्याशी राकेश कौरव का समर्थन करते हुए कहा कि हमारी पार्टी का प्रत्याशी राकेश कौरव है, जो बहुत ही ईमानदार व आपके के बीच का है। यह आपकी बात विधानसभा में ईमानदारी के साथ रखेगा।
सभा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्यामसुंदर यादव, निसार कुरैशी एवं पार्टी से घोषित प्रत्याशी राकेश कौरव ने भी संबोधित किया। इस दौरान गंभीर सिंह, असगर खान, नौशे खान, राघवेन्द्र सिंह जादौन, तोफिक खान, माधोसिंह बरेठा, देशराज सायना, अतर सिंह जाटव नेताजी, तेजसिंह कुशवाह अडोखर, राजू खान चिरोल, बद्रीसिंह कौरव पंडाजी चिरोल, सोनू भदौरिया गाता, लज्जू बोहरे कनाथर सहित सैकडों कार्यकर्ता उपस्थित थे।