कार्यकर्ता महाकुभ के लिए भिण्ड से चलाई जाएगी स्पेशल ट्रेन : देवेन्द्र
भिण्ड, 20 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी मप्र के विस्तारक, प्रदेश के प्रभारी राजेन्द्र सिंह भण्डारी अपने निर्धारित एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यालय पहुंचे। जहां पार्टी जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने पार्टी का अंग वस्त्र उढ़ाकर पुष्पमालाओं से अगुवानी करते हुए स्वागत किया। उनके साथ मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष दर्जा कैबिनेट मंत्री प्राप्त शैलेन्द्र बरुआ विशेष रूप से मौजूद थे।
भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ता बैठक में विस्तारक प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र सिंह भंडारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित दल है, हम सब कार्यकर्ता एकजुट होकर अपने-अपने बूथ केन्द्रों पर भाजपा को मजबूती के साथ कमल के फूल वाले प्रत्याशी को जताना है। 25 सितंबर को भोपाल के जंबूरी मैदान में अधिक से अधिक कार्यकर्ता कार्यकर्ता महाकुंभ में पहुंचकर कार्यक्रम को प्रभावित बनाएं।
निगम अध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ ने कहा कि मिशन 2023 के विधानसभा चुनाव में हम सब कार्यकर्ता एकजुट होकर 51 प्रतिशत वोट का संकल्प लेकर अपने बूथ केन्द्र को जताने के लिए कार्य करें। केन्द्र और राज्य सरकार की युवा, किसान, महिला, हितैषी योजनाओं को पहुंचकर अपने बूथ को मजबूती प्रदान करें और सदस्यता अभियान में बढ-चढकर भाग ले और लोगों को अधिक से अधिक सदस्य बनाकर अपनी विचारधारा से उन्हें जोडें।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि कार्यकर्ता महाकुंभ के लिए 25 सितंबर को भिण्ड रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, इसके अलावा कार्यकर्ता अपने निजी बहन और बसों से भी पार्टी का झण्डा एवं बैनर लेकर भोपाल के जंबूरी मैदान के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके लिए सभी शक्ति केन्द्रों पर बसों की व्यवस्थाएं की गई है। जिनके अलग-अलग प्रभारी बनाए गए हैं, ताकि कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो, सभी कार्यकर्ता 24 सितंबर की शाम को भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। सभी जनप्रतिनिधि, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ, भाजपा के नए पुराने कार्यकर्ता एवं अपनी विचारधारा वाले लोगों को भोपाल पहुंचने के लिए आमंत्रित करें। जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हम सबको संबोधित करेंगे। यह महाकुंभ हम सबका मिशन 2023 विधानसभा चुनाव एवं 2024 लोकसभा चुनाव का शंखानाद भी करेगा। सभी मण्डल पदाधिकारी अपने-अपने शक्ति केन्द्रों पर सूची बनाकर जिले को भेज दें, ताकि समय से तैयार होकर शक्ति केन्द्र एवं बूथ अध्यक्षों के पास पहुंचा जा सकेगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष नरवरिया ने प्रदेश विस्तारक प्रभारी से कार्यकर्ताओं का परिचय भी प्राप्त करवाया और उन्होंने जिले के सभी विस्तारकों से संगठन आत्मक चर्चा की। इस अवसर पर जिला मंत्री उपेन्द्र राजौरिया, संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश शहर संयोजक मनोज अनंत, पिछडा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, वनखण्डेश्वर मण्डल के अध्यक्ष अमित जैन, अविनाश सिंह तोमर, प्रशांत सोनी प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।