ग्वालियर, 26 अगस्त। राष्ट्रव्यापी नेत्रदान पखवाडा हर साल 25 अगस्त से आठ सितंबर के दौरान पूरे देश में मनाया जाता है। सक्षम संस्था इस पखवाडे के दौरान लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने के लिए बैंकों को 2500 से अधिक आंखें दान की जा चुकी हैं, जिससे 800 से अधिक कॉर्नियल नेत्रहीनों की दृष्टि बहाल हो सकी है। ग्वालियर में स्थित सक्षम संस्था द्वारा जिला अस्पताल मुरार, रतन ज्योति नेत्रालय, कैंसर हॉस्पिटल, शहर के कई अस्पतालों, सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर प्रति वर्ष पखवाडा मनाया जाता है। उनके सहयोग से शनिवार को जिला अस्पताल मुरार में नेत्रदान पखवाडे का शुभारंभ किया गया।
समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मण्डल (सक्षम) एक सामाजिक राष्ट्रीय संगठन है। सक्षम की स्थापना विभिन्न दिव्यांगताओं वाले सभी व्यक्तियों को हमारे राष्ट्र की मुख्य धारा में लाने के उद्देश्य से की गई थी। सक्षम का मानना है कि दिव्यांग लोग समाज पर बोझ नहीं बल्कि देश की संपत्ति हैं। यद्यपि सक्षम वर्तमान में दृष्टि बाधित लोगों की सेवा के लिए समर्पित है, सक्षम की विभिन्न दिव्यांगताओं वाले सभी व्यक्तियों के साथ-साथ समाज को मजबूत करने के लिए पर्यावरण, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक गतिविधियों के प्रति भी प्रतिबद्धता है। वर्तमान में सक्षम दिव्यांगों के एकीकृत विकास के लिए जो परियोजनाएं चला रहा है। उनमें माधव आई बैंक, माधव ऑडियो बुक्स लाइब्रेरी, माधव ब्रेल पुस्तक निर्माण केन्द्र, दृष्टि बाधित महिला छात्रावास एवं अन्य सामाजिक दिव्यांग केन्द्र हैं।
उदघाटन सत्र में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. आरके शर्मा एवं अध्यक्षता सक्षम मध्य भारत के प्रांतीय सचिव केबीएल श्रीवास्तव ने की। संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुनील बुचके, सचिव डॉ. मयंक श्रीवास्तव, आरएमओ जिला अस्पताल मुरार डॉ. आलोक पुरोहित, दृष्टि प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ. गजराज सिंह गुर्जर, एव्ही जुवेकर, नीरज सक्सेना आदि उपस्थित रहे। संचालन मुख्य कार्यक्रम संयोजक सूबेदार मेजर मनोज पाण्डे ने किया। कार्यक्रम में डॉ. राजेश, मेट्रन बीना शर्मा, हैरी गुप्ता, नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल स्टाफ एवं शहर के अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।