भिण्ड, 16 अगस्त। 77वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित जन शिक्षण संस्थान भिण्ड में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें संस्थान के प्रभारी निदेशक संतोष कुमार दुबे ने सुबह आठ बजे ध्वजारोहण किया एव संस्थान की प्रशिक्षिका एवं छात्राओं ने राष्ट्रगान गाया। ध्वजारोहण के पश्चात मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण किया गया। मंत्रालय द्वारा प्राप्त निर्देशानुसार आजादी का अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियां संस्थान कार्यालय में आयोजित की गईं।
इस अवसर पर प्रभारी निदेशक संतोष कुमार दुबे ने कहा कि इस दिन सभी को राष्ट्र निर्माण, देश के विकास व रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। हमें गांधी जी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन मे उतारना चाहिए। भारतीय संविधान में लिखी बातों का पालन करना चाहिए। यही देश का सम्मान है। आजादी मिलने के 76 वर्षों में हमने कई बडी उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत का परमाणु शक्ति संपन्न बनना, चन्द्रयान-3 की सफलता और कोविड-19 वैक्सीन बनाना, पोलियो मुक्त होना इसके बडे प्रमाण हैं। विज्ञान व तकनीक से लेकर आर्थिक खेल, मनोरंजन, कला, संस्कृति, हर क्षेत्र मे भारत का डंका दुनिया भर में बोल रहा है।
कार्यक्रम में संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी दिनेश शर्मा, फील्ड कॉर्डीनेटर मनोज कुमार, सहायक कार्यक्रम अधिकारी योगेन्द्र सिंह तोमर, अंजली शर्मा, लेखपाल हेमंत शर्मा, लिपिक अजय सिंह कुशवाह, कंप्यूटर ऑपरेटर जितेन्द्र शर्मा, जयप्रकाश, रामवीर, प्रशिक्षिका मिथलेश सोनी, रामजानकी, अनीता श्रीवास्तव, अख्तरी बेगम एवं लगभग 70 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।