भिण्ड, 01 जुलाई। लहार विधानसभा में कांग्रेस पार्टी से कई गुना अधिक भारतीय जनता पार्टी मजूबत है। यहां भाजपा का कार्यकर्ता पूरे पांच साल पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करता है और चुनावी समय आते ही पता नहीं किन्हीं कारणों से कार्यकर्ता अपने-अपने नेताओ के हिसाब से बट जाता है, जिससे पिछले कई सालों से लहार में भाजपा को हार का मुंह देखना पड रहा है। परंतु इस बार मप्र के मुखिया शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में लहार भाजपा का कार्यकर्ता मजबूती से भारतीय जनता पार्टी के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें क्योंकि अगर कार्यकर्ता पार्टी के साथ होगा तो नेता को अपने आप ही पार्टी के साथ आना पडेगा। यह बात शनिवार को दबोह विश्राम गृह में भाजपा की कामकाजी बैठक के दौरान मप्र गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल के अध्यक्ष आशुतोष तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आप भाजपा को मां मानते हैं तो उस मां का चीरहरण करने वाले व्यक्ति को कभी माफ नहीं करना, फिर वह व्यक्ति घर का ही क्यों न हो। लहार में भाजपा रूपी मां का 35 साल से चीरहरण करने वाले को अबकी बार सबक सिखाएं और पार्टी को सर्वोपरि मानकर कार्य कीजिए, क्योंकि अब की बार न ऊपर की हवा और न ही नीचे की हवा, कोई भी हवा हो विरोधियों के काम नहीं आएगी और ना ही भाजपा के कार्यकर्ताओं के कार्य में अवरुद्ध उत्पन्न कर पाएगी। यदि आपके कार्य करने में कोई व्यक्ति रुकावट लाने का प्रयास करता है तो मुझे बताइये, मैं आपकी बात को मप्र मुखिया शिवराज सिंह चौहान एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा तक ले जाकर आपके कार्य के मध्य आ रही रुकावट को हटाने का भरकस प्रयास करूंगा।
निगम अध्यक्ष तिवारी ने कहा कि अब लहार में भाजपा के कार्यकर्ता को डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व अब लहार के हर भाजपा कार्यकर्ता के साथ खडा हुआ है, एक बार फिर मप्र में भाजपा की सरकार बनेगी और इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में लहार भाजपा विधायक का भी सहयोग रहेगा। इसलिए मजबूती से एकजुटता के साथ कार्य कीजिए और अपने प्रतिद्वंदियों को ऐसा कोई मौका न दें जिससे वो आपमें आपसी फूटन डालकर आपको तोड मरोडकर खुद को मजबूती प्रदान कर सकें। इस बार हमें किसी भी कीमत पर लहार में भाजपा को जीत दिलानी होगी।
इस मौके नगर महामंत्री रावसहाब गुर्जर, किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंजनी कुरचानिया, केशब गुप्ता, भगवान नायक, रामलोचन शर्मा, राजेन्द्र उदेनिया, राजेन्द्र यादव, रविन्द्र मिश्रा, राजा यादव, कुलदीप यादव, जितेन्द्र यादव, धर्मेन्द्र कुरचानिया, पार्षद लालता कुशवाह, शुभ श्रीवास्तव, मुकुल उपाध्याय, हृयेश नायक, गुलाब कुशवाह, सुमित कुरचानिया, सुधांशु मिश्रा, संजीव यादव, हरिश्चंद्र तिवारी आदि लोग मौजूद रहे। तत्पश्चात भाजपा नेता रविन्द्र शर्मा बघेडी के निवास पर उनके नेतृत्व में सैकडों कार्यकर्ताओं ने निगम अध्यक्ष आशुतोष तिवारी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके पश्चात तिवारी ने उपस्थित ग्रामवासियों को संबोधित किया।