हम सभी फाउण्डेशन बनें भारत के : अवधूत जी महाराज

हम फाउण्डेशन का नवीन दायित्व ग्रहण समारोह एवं कार्यशाला आयोजित

भिण्ड, 11 जून। देश समाज के लिए सभी को समर्पित होकर कार्य करना चाहिए जिससे देश विकास की बुलंदियों को छू सके, हम सभी फाउण्डेशन बनें भारत के जिससे सभी लोग देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए हमेशा सकारात्मक रवैये के साथ कार्य करते रहें। हम फाउण्डेशन मध्य भारत प्रांत की दोनों शाखाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा में यह शाखाएं निरंतर अनेक कार्य कर रही हैं। यह बात हम फाउण्डेशन के नवीन दायित्व पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह अटेर रोड स्थित होटल राज पैलेस में मुख्य अतिथि की आसंदी से चिलोंगा आश्रम के संत 1008 हरिनिवास अवधूत महाराज ने कही। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हम फाउण्डेशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने कहा कि समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर हम फाउण्डेशन अपना कार्य करता है, जिससे समाज में एकजुटता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अपने लिए तो सभी कार्य करते हैं पर परमार्थ के लिए जो कार्य करता है वह सच्ची सेवा होती है। प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य सेवा और समर्पण है और यह बात समाज में जानी चाहिए, जहां तक संभव हो सभी लोग मिलकर परस्पर सहयोग से संस्था के कार्यों को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि संगठन को समाज के लिए उपयोगी बनाने के लिए प्रत्येक सदस्य को अपने दायित्वों का निर्वाहन पूर्ण मनोयोग से कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रांतीय संगठन मंत्री शैलेश सक्सेना और जिला महामंत्री विपुल सेठ द्वारा सभी नवीन दायित्व धारियों को शपथ दिलाई गई। अंत में छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सिंह भदौरिया एवं आभार कार्यक्रम आयोजक डॉ. सुमित्रा भदौरिया ने किया।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में संगठन की कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें प्रांतीय संगठन मंत्री शैलेश सक्सेना ने कहा कि प्रत्येक सदस्य को संगठन के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए हम सभी को मिलकर नई शाखाओं का गठन करना चाहिए, जिससे हम फाउण्डेशन की पहचान पूरे राष्ट्र में हो जाए। उन्होंने कहा कि हम फाउण्डेशन भारत सेवा कार्यों के लिए जाना जाता है प्रत्येक सदस्य को अपना कुछ समय निकालकर संगठन को देना चाहिए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. सुमित्रा भदौरिया एवं जिला महामंत्री विपुल सेठ ने कहा कि संगठन की सफलता तभी संभव है जब परिवार से सहयोग और सभी का साथ हो सभी शाखाओं के पदाधिकारियों को अपनी ऊर्जा एवं शक्ति को संगठित कर संगठन के निर्माण कार्य में लगाना चाहिए। कार्यशाला का समापन राष्ट्रगान जन गण मन से किया गया।
नवीन दायित्व धारियों ने ली शपथ
हम फाउण्डेशन मध्य भारत प्रांत की दो शाखाओं के पदाधिकारियों ने अटेर रोड स्थित होटल राज पैलेस में सिटी शाखा के अध्यक्ष अरविन्द सिंह भदौरिया, विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष योगेश शर्मा, उपाध्यक्ष अजीत उपाध्याय, सचिव विजय चौधरी, नौशीन हुसैन, कोषाध्यक्ष अमनदीप सिंह भदौरिया, शिवम श्रीवास्तव, गोपाल सिरोठिया, शिवम सिंह राजावत, अखिलेश आदि ने संगठन के प्रति निष्ठाभाव से कार्य करने की शपथ ली।