क्रांति तीर्थ आयोजन में हुई चित्रांकन बाल प्रतियोगिता

ग्वालियर, 13 मई। मध्य भारतीय हिन्दी साहित्य सभा दौलत गंज लश्कर, ग्वालियर के सभा भवन में अखिल भारतीय साहित्य परिषद, मध्य भारत प्रांत द्वारा आयोजित क्रांति तीर्थ अभियान के अंतर्गत मध्य भारतीय हिन्दी साहित्य सभा द्वारा बाल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें भाषण, निबंध लेखन, चित्रांकन एवं गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पहार भेंट किया। मां सरस्वती की वंदना व्याप्ति उमडेकर एवं परिषद गीत रिंकू केवट ने प्रस्तुत किया। निबंध एवं गायन के लिए निर्णायक ममता सिंघल विवेकानंद केन्द्र कार्यकर्ता, अलका गुप्ता विवेकानंद केंद्र कार्यकर्ता रहे।

बालक एवं बालिकाओं ने वर्ष 1857 से लेकर 1947 तक भारत को स्वतंत्र कराने में अपने प्राणों की आहुति देने वाले क्रांतिवीरों के ऊपर अपनी प्रस्तुति दी। चित्रांकन प्रतियोगिता के अंतर्गत बच्चों ने महान क्रांतिवीर तात्या टोपे का चित्र बनाया। साथ ही राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति भी दी। कार्यक्रम में साहित्य सभा के सह मंत्री उपेन्द्र कस्तूरे, प्रांत मंत्री डॉ. करुणा सक्सेना, साहित्य मंत्री डॉ. मंदाकिनी शर्मा, राजहंस त्यागी, संगीता गुप्ता सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे।