धूमधाम से मनाया भगवान परशुराम का जन्मोत्सव

भिण्ड शहर एवं अंचल में निकाले गए चल समारोह

भिण्ड, 22 अप्रैल। अक्षय तृतीया के अवसर पर जिलेभर में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भिण्ड शहर में भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें जिले भर के सर्वसमाज के लोग शामिल हुए। उधर अंचल में भी जगह-जगह भगवान परशुराम का जन्मोत्सव मनाया गया और चल समारोह निकाले गए।
भिण्ड शहर में दंदरौआ धाम के महंत श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर रामदासजी महाराज के निर्देशन में शाम चार बजे अटेर रोड स्थित बड़े हनुमानजी मन्दिर से प्रारंभ होकर शहर के बेटी बचाओ चौराहा, पुस्तक बाजार, परेड चौराहा, सदर बाजार, गोल मार्केट, बजरिया, माधौगंज हाट, जेल रोड, लहार रोड चौराहा से होते हुए वायपास रोड पर ब्लॉक कॉलोनी के सामने स्थित श्री परशुराम मन्दिर पहुंचा। इस दौरान शोभायात्रा में शामिल युवा अपने हाथों में भगवा ध्वज एवं भगवान परशुराम का शस्त्र फरसा लिए डीजे बैण्ड पर बज रहे गीत की धुन पर नाचते गाते एवं जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। जहां मन्दिर परिसर में भगवान श्री परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया।
दतावली से बौरेश्वर तक निकाली भगवान परशुराम की शोभायात्रा
अक्षय तृतीया भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर अटेर क्षेत्र के ग्राम दतावाली में पं. रामजीलाल शर्मा के मकान के पास शनिवार को सुबह नौ बजे सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दतावली से बौरेश्वर महादेव मन्दिर तक विप्र बंधुओं द्वारा शोभायात्रा भी निकाली गई।
जमदारा में मनाई परशुराम जयंती
मौ क्षेत्र के ग्राम जमदारा में जमदग्नि ऋषि की तपोभूमि मां रेणुका के मन्दिर पर शनिवार को परशुराम जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गोहद में सर्व ब्राह्मण समाज ने किया भगवान परशुराम का पूजन
भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा राजगुर मन्दिर पर पूजन किया गया जिसमें भगवान परशुराम जी के छायाचित्र पर पुष्प माला अर्पित की। यहां उपस्थित ब्राह्मण समाज के बंधुओं द्वारा भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर 29 अप्रैल को विशाल चल समारोह निकालने का निर्णय लिया गया। चल समारोह राजगुरू मन्दिर से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। इस अवसर पर राघवेन्द्र शर्मा, मुन्नालाल भटेले, वासुदेव शर्मा, मुकेश मिश्रा, उमेश कांकर, प्रदीप भारद्वाज, आशीष मुदगल, ब्रजवल्लभ बाजपेयी, मृदुल बाजपेयी, अनुराग शुक्ला, अजीत शर्मा, राहुल खुरासिया, टोनी मुदगल, मिथलेश शर्मा, हेमू दुबे, रविकांत पाराशर आदि उपस्थित थे।