आलमपुर में भगवान परशुराम जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा

भिण्ड, 22 अप्रैल। आलमपुर नगर में भगवान परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों पर भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें ब्राह्मण समाज के कई वरिष्ठजनों सहित नगर के सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस दौरान समूचा नगर भगवान परशुराम के जयकारों से गूंज रहा था।
शा. उमावि आलमपुर के अंदर स्थित प्राचीन रेणुका देवी, परशुराम मन्दिर से डीजे बैण्ड के साथ शुरू हुई शोभायात्रा नई मस्जिद, बस स्टेण्ड, विजय मंच, तिवारी मोहल्ला, पुरानी नगर पंचायत, देभई चौराहे, खोड़न मोहल्ला, छोटी माता, महाजन घटिया, पुरोहित मोहल्ला, चौधरी हाल, छेदी मन्दिर होते हुए वापस रेणुका देवी मन्दिर पर पहुंची। शोभायात्रा के नगर भ्रमण के दौरान लोगों ने भगवान परशुराम के चित्र की पूजा अर्चना कर आरती की। भव्य शोभायात्रा निकले के दौरान नगर के लोगों ने कई जगह पुष्प वर्षा कर एवं शरबत पिलाकर शोभायात्रा में शामिल लोगों का स्वागत सत्कार किया। भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा में शामिल युवा अपने हाथों में भगवा ध्वज एवं भगवान परशुराम का शस्त्र फरसा लिए डीजे बैण्ड पर बज रहे गीत की धुन पर नाचते गाते एवं जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। ज्ञात हो कि भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का छठवां अवतार माना जाता है। इसी वजह से अक्षय तृतीया के साथ परशुराम जयंती भी धूमधाम से मनाई जाती है।