मंत्रोच्चारण के साथ हुआ भगवान परशुराम जी का अभिषेक

लहार नगर में निकली भव्य शोभायात्रा

भिण्ड, 22 अप्रैल। लहार नगर में अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जिसमें नगर के सर्व समाज के सभी धर्म प्रेमी बंधुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भगवान परशुराम जी का आज बैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि विधान से अभिषेक कर माल्यर्पण किया गया और अंत में मिठाई एवं शर्बत बांटा गया। इस मौके पर लहार में भगवान परशुराम जी का मन्दिर जय-जय परशुराम की गूंज से गूंज उठा और सभी ने भगवान के चरणों में नमन किया।

भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के अनुसार पूजा पाठ के उपरांत भगवान परशुराम जी की जय-जयकार के साथ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो नगर के मुख्य मार्गों से होकर निकली, जिसका नगर के लोगों ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। तत्पश्चात यात्रा नगर के प्रसिद्ध देव स्थल तालेश्वर सरकार पहुंची, जहां भगवान के छायाचित्र की आरती उपरांत यात्रा का समापन किया गया।
सामूहिक हनुमान चालीसा का हुआ पाठ
भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में क्षेत्र के प्रसिद्ध भजन गायक प्रभंजन बरुआ, भगवताचार्य बच्चन डंगरोलिया, मुकेश काथा एवं आशु दीक्षित द्वारा मनमोहक ढंग से भगवान की आरती एवं हनुमान चालीसा के पाठ का गायन किया।