आओ हम सब मिलकर मनायें भगवान परशुराम जन्मोत्सव : गिरिराज

भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर कल शहर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

भिण्ड, 20 अप्रैल। भगवान परशुराम को श्रीहरि विष्णु का छटवा अवतार माना जाता है, इनका जन्म वैशाख माह की शुक्ल पक्ष तृतीया तिथि को हुआ था। इसीलिए जिस दिन प्रदोष काल के दौरान तृतीया होती है, उस दिन भगवान परशुराम का जन्मोत्सव विशेष रूप से मनाया जाता है। इस बार 22 अप्रैल को अक्षय तृतीया के सुअवसर पर जिलेभर में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। भिण्ड शहर में भी पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें जिलेभर के सर्वसमाज के लोगों के सम्मिलित होने की ब्राह्मण समाज द्वारा लगातार अपील की जा रही है।
इसी क्रम में श्रीपरशुराम सर्व ब्राह्मण संघ के युवा प्रदेश अध्यक्ष गिरिराज पाण्डेय ने जिले की जनता से आह्वान करते हुए कहा कि श्रीहरि विष्णु ने अलग-अलग स्वरूपों में अवतार लिए, उन्हीं स्वरूपों में एक भगवान परशुराम के रूप में छटवा अवतार लिया, इस रूप में उन्होंने आताताइयों का सर्वनाश कर मानव जाति का कल्याण किया। हमें भगवान के अंदर जाति नहीं देखनी चाहिए, भगवान किसी जाति विशेष के नहीं बल्कि सभी वर्ग के हैं, इसलिए मैं आह्वान करता हूं कि हम सबको मिलकर भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर शहर में आयोजित होने वाली चल यात्रा में शामिल होकर भगवान का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाएं।