नेहरू युवा केन्द्र द्वारा केच द रेन कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 20 अप्रैल। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार, नेहरू युवा केन्द्र संगठन भिण्ड के माध्यम से जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू के निर्देशानुसार कीर्ति भारती युवा मण्डल द्वारा ब्रज पब्लिक स्कूल के प्रधानाध्यापक संतोष तिवारी की अध्यक्षता में कैच द रेन कार्यक्रम स्कूल के सभागार में आयोजित किया गया। जिसका संचालन मण्डल की अध्यक्ष भारती ने किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के बीच जल संरक्षक विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ युवाओं के स्वामी विवेकानंद जी के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके उपरांत आए हुए सभी अतिथियों का मलयर्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान नेहरू युवा केन्द्र संगठन से मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू, वरिष्ठ शिक्षक प्रमोद शर्मा एवं निर्णायकगण शिक्षक सत्येन्द्र चौहान एवं प्रमोद उपाध्याय उपस्थित रहे।
इस दौरान जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू ने सभी युवाओं को बताया कि जल संरक्षण करना आज के समय में तो एक महत्वपूर्ण कार्य बन गया है, अगर हम आज जागरुक नहीं हुए तो आने वाले कल में हम सभी का जीवन बिना जल खतरे में आ जाएगा। शिक्षक सत्येन्द्र चौहान ने बताया कि आज के समय में हमें जल संरक्षण हेतु अपने आप से छोटे-छोटे कार्य शुरू कर देनी चाहिए। जैसे कि जल को कम फैलाना, पेड़ पौधे लगाना, हैण्डपंप के चारों ओर फैला हुआ पानी को एकत्रित करने हेतु उसके पास गड्ढे बनाना या सोख्ता का निर्माण करना इत्यादि। शिक्षक प्रमोद शर्मा ने बताया कि जल संरक्षण एक बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है, इस मुद्दे हेतु हम सभी को मिलजुल कर रहना है।
कार्यक्रम के दौरान संचालिका भारती ने कहा कि यह जल संकट दक्षिण अफ्रीका की राजधानी केपटाउन में है, जिसे दुनिया का पहला जल मुक्त शहर घोषित किया गया है। इसीलिए हम सभी को जागरुक होना अति आवश्यक है, यह संकट हम सभी से भी दूर नहीं है। कार्यक्रम में निबंध लेखन प्रतियोगिता के दौरान क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय विजेता ज्योति बघेल पुत्री श्याम सिंह बघेल, रश्मि भदौरिया पुत्री जयसिंह भदौरिया, नेहा भदौरिया पुत्री सत्यनारायण सिंह भदौरिया रही। इस दौरान सभी युवाओं को राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक एवं कार्यक्रम की संचालिका ने जल संरक्षण हेतु शपथ दिलाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में जनसेवा मित्र पल्लवी ओझा, महिमा, तन्वी, शिवम सिंह, राहुल सिंह, नीरज गर्ग, कार्यालय कार्यकर्ता रामसेवक मौर्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक धर्मवीर सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।