कार्यकर्ता के पसीने से लिखी जाती है सत्ता की इबारत : डॉ. गोविन्द सिंह

गोहद में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

गोहद। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गोहद द्वारा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के मुख्य आतिथ्य, भिण्ड जिला प्रभारी वासुदेव शर्मा, जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, देवाशीष जरारिया के विशिष्ट आतिथ्य एवं विधायक मेवाराम जाटव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। मंच संचालन आशीष गुर्जर ने किया। मंच पर कुलदीप गुर्जर, राजीव कौशिक, केशव देसाई, संग्राम तोमर, राकेश तोमर, देवीसिंह तोमर, केदार कौशल, गोपाल पचौरी, टोनी मुदगल, श्रीमती रेखा बसेडिय़ा, श्रीमती मंजू माहोर, श्रीमती मालती जाटव आदि उपस्थित थे।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि किसी भी पार्टी की पूंजी कार्यकर्ता होता है, कार्यकर्ता के पसीने से ही सत्ता की इबारत लिखी जाती है, कांग्रेस पार्टी ने आजादी के बाद लम्बे समय से देश पर शासन किया, यह कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर था, आज हम चेलेंज किया जा रहा है, जिन लोगों ने अंग्रेजों के सामने घुटने टेक दिए वो हमसे राष्ट्र भक्ति का सबूत मांग रहे हैं, आज हम अपनी एकजुटता का परिचय देना है, जो लोग गद्दार हैं उन्हें निकाल फेकना है।
जिला प्रभारी वासुदेव शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन 2023 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का अंग है, हमें मतदान केन्द्र की विजय पर ध्यान देना है। कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में सुझाव भी आमंत्रित किए गए, जिसमें अधिकांश कार्यकर्ताओं ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया, कार्यकर्ता के सम्मान की बात उठाई गई।