हजूर बाबा सावन सिंह महाराज का 75वां बरसी पर निकली शांति सद्भावना यात्रा

भिण्ड, 02 मार्च। सावन कृपाल रूहानी मिशन की भिण्ड शाखा द्वारा रविवार को हजूर बाबा सावन सिंह महाराज के 75वें बरसी भण्डारे का कार्यक्रम सर्किट हाउस के पास राजिंदर आश्रम न्यू फल मण्डी भिण्ड में आयोजित किया गया। इस अवसर पर शांति सद्भावना यात्रा सुबह आठ बजे से राजिंदर आश्रम भिण्ड से प्रारंभ होकर सिटी कोतवाली, परेड चौराहा, सदर बाजार, गांधी मार्केट, हनुमान बजरिया, किला रोड, लहार चौराहा होते हुए राजिंदर आश्रम भिण्ड पर समापन हुआ। जिसमें सैकड़ों श्रृद्धालु एकत्रित हुए। अंत में सभी सतसंगीयों को गुरु प्रसाद बांटा गया।
इस अवसर पर सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह महाराज का वीडियो सत्संग प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि हजूर बाबा सावन सिंह महाराज किसी एक जाति, कौम, वर्ग व देश के लिए नहीं बल्कि वे तो समस्त मानव-जाति के कल्याण हेतु आए थे। उन्होंने अपने नाम ‘सावन’ को सार्थक करते हुए प्रभु-प्रेम की दयामेहर की बरखा हम सभी लोगों पर की। वे मानव चोले में स्वयं प्रभु से एकमेक थे और प्रभु भी स्वयं उनमें बसे हुए थे, जिसके जरिये उन्होंने लाखों लोगों को पिता-परमेश्वर से एकमेक कर दिया।

हजूर को अपनी भावभीनी श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए अनेक श्रृद्धालुओं ने उनकी याद में भावभक्ति से परिपूर्ण भजनों का गायन किया। इस अवसर पर हजूर बाबा सावन सिंह महाराज के जीवन की महत्वपूर्ण झलकियां भी एक फिल्म के रूप में दिखाई गईं, जिसमें उनके द्वारा प्रभु-प्रेम की बरखा व दयामेहर को प्रदर्शित किया गया था। हजूर बाबा सावन सिंह महाराज का जन्म 27 जुलाई 1858 को ग्राम महिमासिंहवाला, जिला लुधियाना, पंजाब में हुआ। वे अपने सत्संगों के जरिये समझाया करते थे कि पिता-परमेश्वर की संतान होने के नाते हम सब आपस में बहन-भाई हैं और हममें से हरेक उन्हें पा सकता है जोकि हमारे इस मनुष्य जीवन का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने मानव-जाति के कल्याण हेतु आध्यात्मिक जागृति की भविष्य वाणी की थी कि पश्चिम के देशों में रूहानियत बड़ी तेजी से फैलेगी। उनके पश्चात परम संत कृपाल सिंह महाराज और संत दर्शन सिंह महाराज ने विश्वभर में अनेक यात्राएं करके रूहानियत की इस तालीम को जन-जन तक पहुंचाया और आज भी वो रूहानी कार्य सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह महाराज हम सबका मार्गदर्शन कर रहे है। सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह महाराज आज संपूर्ण विश्व में ध्यान-अभ्यास द्वारा प्रेम, एकता व शांति का संदेश प्रसारित कर रहे हैं, जिसके फलस्वरूप उन्हें विभिन्न देशों द्वारा अनेक शांति पुरस्कारों व सम्मानों के साथ-साथ पांच डॉक्टरेट की उपाधियों से भी सम्मानित किया जा चुका है। सावन कृपाल रूहानी मिशन के संपूर्ण विश्व में 3200 से अधिक केन्द्र स्थापित हैं तथा मिशन का साहित्य विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित हो चुका है। इसका मुख्यालय विजय नगर, दिल्ली में है तथा अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय नेपरविले, अमेरिका में स्थित है।