स्व. कल्याण सिंह ने अयोध्या में राम मन्दिर निर्माण के लिए योगदान दिया : ओपीएस भदौरिया

ग्राम मानहड़ में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक सभा आयोजित

भिण्ड, 25 अगस्त। नगरीय प्रशासन आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने श्रीराम के भव्य मन्दिर निर्माण के लिए अपनी अहम भूमिका सरकार में रह कर निभाई थी। वे आज हम सबके बीच नहीं रहे। मैं शोक सभा के माध्यम से उनके चरणों में भावभीनी श्रृद्धांजलि अर्पित करता हूं। राज्यमंत्री ने यह बात मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मायण में आयोजित शोकसभा में संबोधित करते हुए कही।
मप्र खाद्य बीज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि कल्याण सिंह जी ने समाज के साथ-साथ पिछड़े वर्ग समाज को भी गौरवान्वित करने का काम किया। उत्तर प्रदेश की मुलायम सिंह की सरकार हो चाहे अखिलेश यादव या मायावती की सरकार हो, जिन्होंने परिवारवाद से हटकर सर्वसमाज को साथ लेकर उत्तर प्रदेश में सत्ता का नेतृत्व किया। वरिष्ठ भाजपा नेता पीतम सिंह लोधी ने कहा कि कल्याण सिंह लोधी समाज के ही नहीं, संपूर्ण समाज के आदर्श नेता के रूप में उन्होंने नई मिसाल कायम की थी।
पूर्व विधायक राकेश शुक्ला ने पूर्व सीएम कल्याण सिंह को श्रृद्धांजलि देते हुए कहा कि इस संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए गति प्रदान की और राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण गरिमामय पद पर कार्य कर राज्य सरकार को विकास की दिशा में आगे लाने के लिए अपना मार्गदर्शन दिया। भाजपा नेता रविन्द्र सिंह नरवरिया एडवोकेट एवं संतोष शर्मा ने कहा कि राम मन्दिर के लिए उन्होंने कारसेवकों पर गोलियां चलाने का केन्द्र सरकार का आदेश नहीं माना और पूर्व कांग्रेस की सरकार ने कल्याण सिंह की सरकार को हटा दिया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी सत्ता में नहीं जन सेवा में विश्वास रखती है, भगवान राम हमारे आदर्श हैं, हम सब कल्याण सिंह के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता रविन्द्र सिंह नरवरिया एडवोकेट ने किया। शोभराज सिंह नरवरिया ने सभी मंचासीन अतिथियों एवं ग्रामीणजनों ने स्व. कल्याण सिंह के छाया चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके परिवारजनों को ढांढस बंधाया।