तीर्थ-दर्शन योजना में मार्च माह से हवाई जहाज से भी कराएंगे तीर्थ : मुख्यमंत्री चौहान

– जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है विकास यात्रा
– भिण्ड में मेडिकल कॉलेज और नगर निगम बनाया जाएगा
– विकास और जनता के कल्याण के लिए धन की कमी नहीं आने देंगे
– संत रविदासजी के जन्म-स्थल पर भी जाएगी तीर्थ-यात्रा
– जनसेवा अभियान में तीन लाख 77 हजार हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र वितरण
– 397 करोड़ 63 लाख रुपए के 125 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण
– विकास यात्रा के रथों को दिखाई हरी झण्डी
– विकास और जनता की भलाई के लिए साथ चलने का दिलाया संकल्प
– मुख्यमंत्री भिण्ड में संभाग स्तरीय कार्यक्रम में हुए शामिल, विकास यात्रा का किया शुभारंभ
– मुख्यमंत्री ने भिण्ड से किया विकास यात्रा के गीत का अनावरण

भिण्ड, 05 फरवरी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में आज संत रविदास जयंती से शुरू हुई विकास यात्रा जनता की जिंदगी को बदलने का अभियान है। संत रविदास अद्भुत संत थे। उनकी पंक्तियां ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोटे-बड़ों सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न’ पर केन्द्र और हमारी सरकार कार्य कर रही है। हमारा संकल्प गरीबों का कल्याण है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में गांव-गांव और वार्डों में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान चला कर ऐसे परिवारों को चिन्हित किया गया, जो शासकीय योजना का लाभ लेने से वंचित थे। अभियान में 83 लाख पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें स्वीकृति-पत्र वितरण का कार्य किया जा रहा है। आज चंबल संभाग के तीन लाख 77 हजार नए हितग्राहियों को 38 विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति-पत्र वितरित किए गए हैं। इन सभी हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। विकास यात्रा के दौरान भी शेष रहे पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर योजनाओं से जोडऩे की अहम कार्रवाई की जाएगी। वे भिण्ड जिले में विकास यात्रा की शुरुआत, मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में स्वीकृति-पत्र वितरण और विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री चौहान ने इस अवसर पर भिण्ड जिले के 397 करोड़ 63 लाख रुपए के 125 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने विकास यात्रा के गीत का भी अनावरण किया। उन्होंने विकास यात्रा के रथों को हरी झण्डी दिखा कर रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या-पूजन और संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भिण्ड में मेडीकल कॉलेज बनाने और भिण्ड नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा दिलाने की घोषणा की। उन्होंने संत शिरोमणि रविदासजी की जयंती पर घोषणा करते हुए कहा कि संत रविदासजी के जन्म स्थल पर भी जाएगी तीर्थदर्शन यात्रा। उन्होंने कहा कि माह मार्च से बुजुर्गों को अब हवाई जहाज से भी तीर्थ दर्शन यात्रा कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज से हम विकास यात्राओं की शुरुआत कर रहे हैं। यह यात्राएं जिले के सभी ग्रामों एवं शहरी वार्डों में जाएगी। यह यात्राएं कोई कर्मकाण्ड नहीं होंगी, यह जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है। विकास यात्रा का मकसद शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना हैं। उन्होंने कहा कि विकास यात्राओं में लोकापर्ण, शिलान्यास के कार्य किए जाएंगे, हितलाभो का वितरण भी विकास यात्राओं के दौरान किया जाएगा। इसी के साथ शासन की योजनाओं से छूटे हुए व्यक्तियों के नाम जोडकर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मैं अपनी बहनों की जिंदगी को आसान बनाता चाहता हूं। पूर्व से संचालित योजनाओं के साथ अब लाड़ली बहना योजना मेरी बहनो की जिंदगी संवारेगी। योजनांतर्गत बहनों को हर माह एक हजार रुपए यानि साल में 12 हजार रुपए और पांच साल में 60 हजार रुपए देने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो कहीं नहीं हुआ वह मप्र में हुआ है, जो किसी ने नहीं किया वह आपका भाई शिवराज करेगा। उन्होंने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान से प्रदेश में 83 लाख ऐसे व्यक्तियों को चिंन्नित किया गया है जो शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की पात्रता रखते हैं। इन सभी नागरिकों को 38 विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने स्वीकृति-पत्र वितरण कार्य प्रदेश में चल रहा है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। गरीब के लिए राशन, पढ़ाई, दवाई और आवास की व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भू-माफियाओं से शासकीय जमीन छुड़ाकर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं आयुष्मान योजना में कार्डधारी परिवारों को एक साल में पांच लाख तक रुपए की उपचार सुविधा भी दी जा रही है। लाड़ली लक्ष्मी और गरीब एवं मध्यम वर्गीय प्रतिभाशाली बच्चों की उच्च शिक्षा की फीस भी राज्य सरकार द्वारा भरी जा रही है। भिण्ड जिले में 48 बच्चों को उच्च शिक्षा हेतु 25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही मेद्यावी छात्र योजनांतर्गत वोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 1600 से अधिक बच्चों को लेपटोप वितरित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश की उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि से दो लाख 25 हजार करोड़ रुपए किसानों के खातो में डाले गए हैं। उन्होंने कहा कि कनेरा सिंचाई योजना भी स्वीकृत हो गई है। प्रदेश में हम 45 लाख हैक्टेयर क्षेत्रफल में सिंचाई सुविधा दे रहे है, सरकार ने इसे बढ़ाकर 65 लाख हैक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने भिण्ड के अधिकारियों से कहा कि वे सिंचाई के प्रस्ताव बनाएं। हम सभी सिंचाई प्रस्तावों को स्वीकृत करेंगे। उन्होंने कहा कि एक भी खेत पानी से वंचित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से विकास और जनता की भलाई के लिए साथ चलने का संकल्प भी दिलाया।

जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार लोगों की भलाई उनके कल्याण के लिए नई-नई योजनाओं को साकार करते हैं। जनसेवा भी उन्हीं की देन है। उनका यह संकल्प था कि प्रत्येक जरूरतमंद को योजनाओं का लाभ मिले। आज जो विकास यात्रा की शुरुआत हो रही है, वह भी मुख्यमंत्री की सोच है। इस विकास योजना में विकास कार्यों भूमिपूजन के साथ-साथ पूर्ण हुए है। विकास कार्यों का भी लोकापर्ण होगा। सभी जरूरत मंदो को योजनाओं का लाभ देकर उन्हें शून्य की स्थिति में लाना है।
सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने कहा कि जनसेवा अभियान जनसेवा अभियान पत्रो का वितरण सभी 230 विधानसभाओं में किया गया। साथ ही भिण्ड धरती पर चंबल संभाग के भिण्ड, मुरैना एवं श्योपुर जिले के तीन लाख 77 हजार हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है। आज का दिन हमारे लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व की सरकार ने पूरे चंबल संभाग को भयमुक्त और शांति का वातावरण पैदा कर चंबल को शांति का टापू बनाया है। इटावा तक फोर लाईन अटल प्रोग्रेस-वे में साढ़े आठ करोड़ की स्वीकृति दिलाने, गांव-गांव लाईट फीडर सेफरेशन की व्यवस्था कराने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक समरसता, एकता को जोडऩे का काम किया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलने वाले विकास यात्रा मप्र की तसवीर को बदलेगी, लोगों की तरकदीर बदलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश को बीमारू राज्य से उवारा है।
भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाहा संजू ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भिण्ड विकास पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वर्षों से भिण्ड में मेडिकल कॉलेज, नगर पालिका से नगर निगम और ऊमरी को नगर परिषद तथा सड़कों के विकास कार्य के लिए ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकासशील सरकार है और भिण्ड के विकास में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का विशेष योगदान आज से नहीं हमेशा से रहा है। कार्यक्रम को क्षेत्रीय सांसद श्रीमती संध्या राय ने भी संबोधित किया।

इनकी रही विशेष उपस्थिति

कार्यक्रम में मप्र पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेन्द्र बरुआ, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना सुनील सिंह भदौरिया, हस्तशिल्प एवं अथकरघा विकास निगम के अध्यक्ष रणवीर जाटव, भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, नगर पालिका भिण्ड की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा बाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, पूर्व सांसद अशोक अर्गल एवं डॉ. भागीरथ प्रसाद, भाजपा प्रदेश मंत्री केशव सिंह भदौरिया, पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक शिवशंकर समाधिया, पूर्व विधायक मुन्नासिंह भदौरिया, पूर्व विधायक राकेश शुक्ला, वरिष्ठ नेता केशव सिंह भदौरिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अवधेश सिंह कुशवाह एडवोकेट, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रमेश दुबे, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष केपी सिंह भदौरिया, आयुक्त चंबल संभाग दीपक सिंह, एडीजी राजेश चावला, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित भिण्ड के जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में शहरी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।