हमें ईश्वर समान माता-पिता का भलीभांति ख्याल रखना चाहिए : शिवप्रताप

वृद्धजनों का माल्यार्पण एवं शॉल उड़ाकर किया सम्मान

भिण्ड, 18 जनवरी। भारत सरकार खेल मंत्रालय नेहरू युवा केन्द्र संगठन भिण्ड द्वारा जिला अधिकारी आशुतोष साहू के निर्देशानुसार निराश्रित भवन में कीर्ति भारती युवा मण्डल के माध्यम से स्वैच्छिक गतिविधियों द्वारा सेवा एवं सशक्तिकरण के तहत युवा भागीदारी से जन आंदोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जन अभियान परिषद जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया, नेहरू युवा केनद्र संगठन से जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू, मण्डल की सचिव कीर्ति तिवारी, मण्डल अध्यक्ष व ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की सचिव भारती और कीर्ति भारती युवा मण्डल से तन्वी और गौरव द्वारा उपस्तिथ वृद्धजनों का पूजन, माल्यार्पण एवं शॉल उड़ाकर कर किया गया। तत्पश्चात मण्डल के सभी सदस्यों ने भी वृद्धजनों का पूजन किया।
इस दौरान जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने सभी युवाओं को बताया कि ईश्वर वृद्धजनों में ही विहार करते हैं, मन्दिरों में जाकर पूजा पाठ करने का कोई लाभ नहीं, जब हम अपने घर में बैठे ईश्वर को ही नाराज कर देते हैं, अर्थात हमें ईश्वर समान अपने माता-पिता का भली-भांति ख्याल रख कर उनकी सेवा कर खुश रखना चाहिए।
जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू ने भी युवाओं को बताते हुए कहा कि व्यक्ति जैसा करता है वैसा ही भरता है, अर्थात जिसने हमें जन्म दिया, पाला-पोशा, हमारा ख्याल रखा, हम उसका ही ख्याल नहीं रख पा रहे तो क्या हमारी संतान आगे हमारा ख्याल रखेगी। इसलिए जैसा बीज बोओगे वैसा ही पौधा वृक्ष बनेगा। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक भारती ने बताया कि हमारा उद्देश्य इस कार्यक्रम के बहाने इन सभी वृद्ध जनों के साथ समय व्यतीत कर कुछ सेवा करने का था। राष्ट्रीय स्वयं सेवक कीर्ति तिवारी एवं सभी सदस्यों ने वृद्धजनों से बातचीत कर उनके हालचाल पूछकर उनके सुख-दुख को अपने बीच साझा किया। तत्पश्चात स्वल्पाहार वितरित कर सभी ने वृद्धजनों के साथ अपना समय व्यतीत किया। अंत में पूर्व राष्ट्रीय स्वयं सेवक धर्मवीर ने आभार व्यक्त किया।