भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत प्रेम पूर्ण आधार देता है रक्षाबंधन का त्योहार : शुक्ला

भाविप ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर झुग्गी बस्ती में मनाया त्योहार

भिण्ड, 21 अगस्त। भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड द्वारा रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर झुग्गी झोपड़ी बस्ती के बच्चों के बीच जाकर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया गया। इसी तारतम्य में परिषद के सदस्य बस स्टैंड के पीछे स्थित झुग्गी बस्ती में पहुंचे, जहां उन्होंने सभी बच्चों को एकत्रित कर बहनों को राखी देकर भाइयों की कलाई पर वंधवाया तथा दोनों को उपहार स्वरूप बिस्किट और चॉकलेट का वितरण किए।
इस मौके पर परिषद के उपाध्यक्ष धीरज शुक्ला ने कहा कि भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत प्रेम पूर्ण आधार देता है रक्षाबंधन का त्योहार। उन्होंने समझाया कि इस पर्व का ऐतिहासिक, सामाजिक, धार्मिक और रा्रीय महत्व है। इसे श्रावण पूर्णिमा के दिन उत्साह पूर्वक मनाया जाता है। रक्षाबंधन पर्व का ऐतिहासिक, सामाजिक, आध्यात्मिक और राष्ट्रीय महत्व है। यह भाई एवं बहन के भावनात्मक संबंधों का प्रतीक पर्व है। इस दिन बहन भाई की कलाई पर रेशम का धागा बांधती है तथा उसके दीर्घायु जीवन एवं सुरक्षा की कामना करती है। बहन के इस स्नेह बंधन से बंधकर भाई उसकी रक्षा के लिए कृत संकल्प होता है।
प्रांतीय पदाधिकारी श्रवण पाठक ने बताया कि रक्षाबंधन का महत्व आज के समय में इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि आज मूल्यों के क्षरण के कारण सामाजिकता सिमटती जा रही है और प्रेम व सम्मान की भावना में भी कमी आ रही है। यह पर्व आत्मीय बंधन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ हमारे भीतर सामाजिकता का विकास करता है। इतना ही नहीं यह त्योहार परिवार, समाज, देश और विश्व के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति हमारी जागरूकता भी बढ़ाता है।
सचिव डॉ. साकार तिवारी ने राखी के पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व समझाते हुए बताया कि ऐसी मान्यता है कि श्रावणी पूर्णिमा या संक्रांति तिथि को राखी बांधने से बुरे ग्रह कटते हैं। श्रावण की अधिष्ठात्री देवी द्वारा ग्रह दृष्टि-निवारण के लिए महर्षि दुर्वासा ने रक्षाबंधन का विधान किया। इतिहास में राखी के महत्व के अनेक उल्लेख मिलते हैं। मेवाड़ की महारानी कर्मावती ने मुगल राजा हुमायूं को राखी भेजकर रक्षा-याचना की थी। हुमायूं ने मुसलमान होते हुए भी राखी की लाज रखी। कहते हैं, सिकंदर की पत्नी ने अपने पति के हिन्दू शत्रु पुरू को राखी बांध कर उसे अपना भाई बनाया था और युद्ध के समय सिकंदर को न मारने का वचन लिया था। पुरू ने युद्ध के दौरान हाथ में बंधी राखी का और अपनी बहन को दिए हुए वचन का सम्मान करते हुए सिकंदर को जीवनदान दिया था। इसी राखी के लिए महाराजा राजसिंह ने रूपनगर की राजकुमारी का उद्धार कर औरंगजेब के छक्के छुड़ाए। महाभारत में भी विभिन्न प्रसंग रक्षाबंधन के पर्व के संबंध में उल्लेखित हैं।
परिषद के अध्यक्ष कमलेश सैंथिया ने कहा कि आज महिला, बालिकाएं घर के बाहर, बसों में, रेल में, सड़क पर, विद्यालयों-महाविद्यालयों के कैम्पस में असुरक्षित हैं। यहां तक कि घर परिवार भी महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए असुरक्षित है। रक्षाबंधन जैसा पर्व हमें एहसास दिलाता है कि हम उनकी रक्षा के लिए आगे आकर पहल करें। रक्षाबंधन के पर्व में परस्पर एक-दूसरे की रक्षा और सहयोग की भावना निहित है।