क्षमता से अधिक पानी आने से बम्बा हुआ ओवरफ्लो

खिरिया भांपर मौजा की फसलों में भरा पानी, नुकसान की संभावना

भिण्ड, 01 जनवरी। आलमपुर क्षेत्र के खिरिया भांपर मौजे में स्थित बम्बा में क्षमता से अधिक पानी आने के कारण शनिवार की रात में बम्बा ओवरफ्लो हो गया है। जिससे अनेक किसानों के चना, मटर, गेहूं एवं सरसों के खेतों में बम्बा का पानी भर गया है। खेतों में पानी भरने से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार खिरिया भांपर माइनर का बम्बा पिछले दो तीन दिन से क्षमता से अधिक चल रहा था और इस क्षेत्र के किसानों द्वारा सिंचाई विभाग के अधिकारी को खिरिया भांपर माइनर बम्बा के ओवरफ्लो चलने की सूचना भी दे दी गई थी। लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिणामस्वरूप शनिवार की रात में बम्बा के ओवरफ्लो होने के कारण सैकड़ों बीघा गेहूं, चना, मटर, सरसों की फसल में बम्बा का पानी भर गया है। खेतों में बम्बा का पानी भरने के पश्चात खेतों की हालत तालाब जैसी नजर आ रही है। हरी भरी फसलों में पानी भरने के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना है।

खिरिया भांपर माइनर के एसडीओ अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि कर्मचारी द्वारा बम्बा में पानी नहीं छोड़ा गया। किसी व्यक्ति ने खिरिया भांपर माइनर का गेट खोल दिया है, जिससे यह स्थिति निर्मित हो गई है। बम्बा का पानी बंद करा दिया गया है, जल्द ही बम्बा का जल स्तर कम हो जाएगा। अब सबाल यह उठता है कि सिंचाई विभाग के कर्मचारी के पास गेट खोलने की चाबी रहती है, फिर अन्य कोई व्यक्ति गेट कैसे खोल सकता है। बम्बा के ओवरफ्लो होने से किसानों की हरी भरी फसलों का जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई कैसे होगी। इधर खिरिया भांपर मौजे के करीब एक दर्जन किसानों का कहना है कि बम्बा के ओवरफ्लो होने के कारण हर साल किसानों की फसलें बर्बाद हो जाती है। लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

बम्बा के ओवरफ्लो होने की यह भी है वजह

खिरिया भांपर मौजे के कुछ किसानों का कहना है कि बम्बा के ओवरफ्लो होने की बजह यह भी हैं कि कई वर्षों से बम्बा की सफाई नहीं हुई। बम्बा में कई जगह झाडिय़ां खड़ी हुई है। जिससे बम्बा का पानी अवरुद्ध हो जाता है और ओवरफ्लो होकर बम्बा का पानी खेतों में भर जाता है। तो वहीं कुछ किसानों का कहना है कि बम्बा पर बनी पुलिया इतनी छोटी है कि इनमें से ठीक तरह से पानी नहीं निकल पाता है। जिससे खिरिया भांपर माइनर का बम्बा हर साल ओवरफ्लो हो जाता है, जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो जाता है।