गायत्री मन्दिर में 24 कुण्डीय नव चेतन जागरण महायज्ञ आज से

भिण्ड 16 दिसम्बर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में शहर के गायत्री कुम्हरौआ रोड विहार कॉलोनी स्थित गायत्री प्रज्ञापीठ परिसर में 24 कुण्डीय नव चेतना जागरण गायत्री महायज्ञ का चार दिवसीय आयोजन 17 से 20 दिसंबर तक होने जा रहा है।
जानकारी देते हुए कार्यक्रम आयोजक बच्चू सिंह नरवरिया, सत्येन्द्र सिंह राजावत, श्रीमती चंद्रकांता भदौरिया और श्रीमती प्रतिभा सिकरवार ने बताया कि युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण व मार्गदर्शन में एवं आदि शक्ति मां गायत्री की विशिष्ट अनुकंपा से विभाण्डक ऋषि की पावन भूमि में मनुष्य में देवत्व का उदय धरती पर स्वर्गीय अवतरण हेतु आत्म निर्माण, समाज निर्माण से राष्ट्र निर्माण की परिकल्पना समस्त नर नारी एवं युवाओं में उपासना, साधना, आराधना के माध्यम से परिष्कृत कर चिंतन चरित्र व्यवहार से समस्त जन मानस को प्रेरित करने हेतु लोक जागरण जन सम्मेलन में 24 कुण्डीय विराट गायत्री महायज्ञ का आयोजन चार दिवसीय आयोजन 17 से 20 दिसंबर तक किया जा रहा है।
इसमें प्रथम दिवस 17 दिसंबर शनिवार को सुबह नौ बजे से भव्य कलश शोभायात्रा गायत्री प्रज्ञापीठ कुम्हरौआ से प्रारंभ होगी। दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक आयशक्ति गायत्री-युग शक्ति गायत्री पर मनीषियों द्वारा संगीतमय प्रवचन किए जाएंगे। द्वितीय दिवस 18 दिसंबर रविवार को सुबह छह बजे ध्यान साधना एवं प्रज्ञा योग, आठ बजे से 12 बजे तक गायत्री महायज्ञ देव पूजन, दोपहर तीन बजे कार्यकर्ता गोष्ठी, शाम चार बजे से छह बजे तक नारी जागरण पर प्रवचन, तृतीय दिवस 19 दिसंबर सोमवार को सुबह छह बजे ध्यान साधना एवं प्रज्ञा योग, आठ बजे से 12 बजे तक गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार, दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी कन्या-किशोर कौशल विशिष्ठ उद्बोधन एवं दीप महायज्ञ तथा चतुर्थ दिवस 20 दिसंबर मंगलवार को सुबह छह बजे ध्यान साधना एवं प्रज्ञा योग, आठ बजे से 12 बजे तक यज्ञ एवं पूर्णाहुति एवं पुंसवन संस्कार का भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यज्ञीय समयावधि में प्रत्येक दिन समस्त संस्कार गुरू मंत्र दीक्षा, पुसंवन नामकरण, अन्नप्रासन, विद्यारंभ, जन्म दिवस, विवाह दिवस आदि नि:शुल्क कराए जाएंगें, पंजीयन पहले से कराए जाएंगे।