जिला पंचायत सदस्य ने अमायन में सीएम राइज विद्यालय का किया निरीक्षण

भिण्ड, 13 दिसम्बर। सीएम राइज विद्यालय अमायन का जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पुष्पलता-डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने मंगलवार की सुबह 11 बजे निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं को देखकर सराहना की। शा. उमावि अमायन की कक्षा नौवी से 12वीं तक के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। शिक्षकों के बेहतर शिक्षण को देखकर उन्होंने प्रशंसा की, साथ ही विद्यालय के माहौल को सराहा। छात्रों के लिए फिजिक्स लैब, केमिस्ट्री लैब एवं बायोलॉजी लैब भी देखी तथा छात्रों द्वारा किए जाने वाले प्रयोगिक कार्यों को भी समझा। छात्रों को जीवन मे प्रायोगिक कार्यों की उपयोगिता से अवगत कराया। उन्होंने छात्रों को शिक्षण कराने वाले शिक्षकों के साथ किए जाने वाले व्यवहार को बताया तथा छात्र जीवन में अनुशासन के महत्व को समझाया। शिक्षक की महिमा को बताते हुए गुरु को ईश्वर से भी महान बताया।

जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पुष्पलता-डॉ. अवधेश प्रताप सिंह न खेल मैदान का निरीक्षण किया, कबड्डी में दो छात्राओं का राज्य स्तर पर चयन तथा निशानेबाजी में संभाग स्तर तक चयन पर उन बच्चों को प्रोत्साहित किया अन्य बच्चों द्वारा खेल गतिविधियों में प्रगति के लिए आश्वस्त किया। इसके पश्चात सीएम राइज विद्यालय की प्राइमरी विंग का निरीक्षण किया। विद्यालय के पुराने एवं नए स्वरूप को देखकर आश्चर्य चकित रह गईं। जर्जर भवन को भव्य रूप में देखकर अविभूत हुए एवं विद्यालय प्रबंधन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय के कुछ कमरों की छतों को सही करने के लिए पांच लाख की राशि शासन मद से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। छोटे-छोटे बच्चों को खेल-खेल में शिक्षण प्रणाली को बड़ी बारीकी से देखा। इस मौके परअमायन जनपद पंचायत सदस्य दीपेन्द्र सिंह फौजी भी मौजूद थे।