डॉ. तोमर की 22 कृतियों का विमोचन क्षेत्र के लिए गौरव की बात : डॉ. सेंगर

एमजेएस कॉलेज के सभागार में आयोजित हुआ लोकार्पण कार्यक्रम

भिण्ड, 02 नवम्बर। शहर के एमजेएस कॉलेज के सभागार में मप्र जन अभियान परिषद के सहयोग से जीएसटीसी फाउण्डेशन तथा एसटीसी मल्टी सर्विस के संयुक्त तत्वावधान में साहित्यकार डॉ. देवेन्द्र तोमर द्वारा लिखित एवं संपादित की गई 22 कृतियों का एक साथ लोकार्पण किया गया। बतौर मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर के मुख्य आतिथ्य तथा डॉ. संगीता अग्रवाल प्राचार्य, डॉ. परमाल सिंह कुशवाह, डॉ. सुनील भदौरिया एवं जनपद सदस्य राजेन्द्र बघेल के विशिष्ट अतिथ्य में कार्यक्रम की अध्यक्षता मप्र जन अभियान परिषद के भिण्ड जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने की।
इस अवसर पर साहित्यकार डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर ने कहा कि व्यक्ति के कृतित्व में ही उसकी महानता झलकती है और कृतित्व ही व्यक्तित्व की पहचान स्थापित करता है। डॉ. देवेन्द्र तोमर विगत 50 वर्षों से साहित्य सृजन तथा समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी 22 कृतियों का एक साथ विमोचन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने कहा कि मौलिक लेखन के साथ-साथ डॉ. तोमर द्वारा 20 से अधिक कृतियों का संपादन किया गया है, 100 से अधिक कृतियों की समीक्षा की गई है तथा इसी क्रम में 50 से अधिक कृतियों में आपकी संक्षिप्त टिप्पणी और शुभकामना संदेश पढऩे को मिलते हैं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. परमाल सिंह कुशवाह ने कहा कि आज के युग में साहित्यकार को अपनी एक किताब प्रकाशित करवाना मुश्किल होता है उस समय में डॉ. देवेन्द्र तोमर की 22 किताबें प्रकाशित होना और एक साथ उसका विमोचन होना अपने आप में सुखद आश्चर्य का विषय है, हम सबको आपके इस कार्य से प्रेरणा लेना चाहिए। डॉ. संगीता अग्रवाल ने कहा कि मैं आज डॉ. देवेन्द्र तोमर की बाइस कृतियों का एक साथ विमोचन होते देखकर प्रेरित और संकल्पित हुई हूं कि भविष्य में जल्दी ही मैं भी अपनी रचनाओं का प्रकाशन करवाऊंगी। जनपद सदस्य राजेन्द्र बघेल ने डॉ. देवेन्द्र तोमर के प्रयासों की प्रशंसा की। डॉ. सुनील भदौरिया ने डॉ. तोमर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। आभार प्रदर्शन सामाजिक कार्यकर्ता दीपक सिंह भदौरिया ने किया।