नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हैदराबाद में राहुल गांधी से की मुलाकात

शिवराज सरकार के कुप्रबंधन एवं भ्रष्टाचार सहित अनेक अनैतिक गतिविधियों से कराया अवगत

भिण्ड, 02 नवम्बर। मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 56वें दिन हैदराबाद में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भेंट कर राज्य की ताजा स्थिति से अवगत कराया।
उन्होंने राहुल गांधी को बताया गया कि मप्र की शिवराज सरकार भ्रष्टाचार में डुबी हुई है। वहीं दूसरी ओर राज्य की वित्तीय स्थिति लडख़ड़ा गई है, जिसके चलते राज्य सरकार को हर महीने कर्ज लेकर सरकार चलाना पड़ रहा है। कर्ज की राशि से शिवराज सरकार अपना महिमा मण्डन कर रही है। इसके अलावा उन्होंने राज्य में बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था की ओर भी ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि मप्र में लाड़ली बेटियां असुरक्षित हैं, आए दिन बलात्कार के शिकार हो रही हैं। राहुल गांधी द्वारा किसानों के बारे में पूछे जाने पर नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि किसान बदहाली की स्थिति में है। कर्ज के बोझ तले किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं। किसानों की फसलें प्राकृतिक आपदा की वजह से नष्ट हो गई है, उन्हें मुआवजा नहीं मिल रहा है, वहीं आज की स्थिति में खाद एवं कीटनाशक दवाओं की भारी किल्लत है।


नेता प्रतिपक्ष डॉ. सिंह ने राहुल गांधी से आग्रह किया कि वह भारत जोड़ो यात्रा के बाद मप्र के लिए समय दें, जिस पर राहुल गांधी ने सहमति दी कि वह मप्र में आएंगे। इसके पूर्व भारत जोड़ो यात्रा के 56वें दिन आज हैदराबाद में सुबह ध्वज वंदन के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. गोविन्द सिंह के करकमलों से ध्वज वंदन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, मीडिया के प्रभारी पूर्व सांसद जयराम रमेश, मप्र के नेता अरुण यादव, विधायकद्वय पीसी शर्मा, संजय शुक्ला, मप्र के कांग्रेस कोषाध्यक्ष अशोक सिंह सहित हजारों संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।