डॉ. मुकेश शर्मा विश्व के सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिकों की सूची में शामिल

भिण्ड, 17 अक्टूबर। शहर के आर्य नगर निवासी देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के स्कूल ऑफ फार्मेसी अध्ययनशाला के सहायक प्राध्यापक डॉ. मुकेश चन्द्र शर्मा को विश्व के सर्वश्रेष्ठ दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है।
अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर प्रकाशन द्वारा वर्ष 2021 के लिए दुनिया के शीर्ष वैज्ञानिकों में से सर्वश्रेष्ठ वैज्ञानिकों की यह सूची तैयार की गई है। इस सूची के अनुसार 22 क्षेत्रों एवं 176 उपक्षेत्रों से संबंधित वैज्ञानिकों का डेटाबेस तैयार किया गया है। यहां बता दें कि भिण्ड शहर के आर्य नगर निवासी नरेशचन्द्र शर्मा के भतीजे एवं सुरेश शर्मा के पुत्र डॉ. मुकेश चन्द्र शर्मा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के स्कूल ऑफ फार्मेसी अध्ययनशाला में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत होकर मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर, कैंसर के क्षेत्र में अनुसंधान में लगे हुए है। डॉ. शर्मा के 35 बुक चेप्टर और 70 से ज्यादा शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। विश्वविद्यालय द्वारा 2018 में अनुसंधान के लिए समानित डॉ. शर्मा को यूजीसी रिसर्च अवार्ड 2012-13, डीएवीवी द्वारा 2018 में अनुसंधान के लिए सम्मानित किया जा चुका है। प्रो. डॉ. शर्मा की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय स्टाफ के साथ-साथ उनके इष्ट मित्रों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त किया है।