सर्वोदय आश्रम पर मनाई गांधी-शास्त्री जयंती

संत लल्लूदद्दा जनसेवा समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

भिण्ड, 02 अक्टूबर। सर्वोदय संत लल्लूदद्दा जनसेवा समिति के तत्वाधान में अटेर जनपद के ग्राम हमीरापुरा स्थित सर्वोदय आश्रम पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वधर्म प्रार्थना सभा से किया गया और दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। साथ ही संस्था सचिव पहलवान सिंह भदौरिया ने गांधी एवं शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
इसके उपरांत समिति की कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें जैविक खेती पर विशेष चर्चा करते हुए पर्यावरण सुधार एवं पॉलिथिन पर रोक लगाने के लिए लोगों को जागरुक करने पर बल दिया गया। साथ ही आगामी 27 अक्टूबर को चेतना कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर विस्तार से चर्चा कर रूपरेखा तैयार की गई। इसके लिए अनुराग बौहरे, राघवेन्द्र एवं विनोद यादव को अलग-अलग जवाबदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन संस्था के सचिव पहलवान सिंह भदौरिया ने किया। इस मौके पर संस्था अध्यक्ष श्रीनारायण शर्मा, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, पूर्व प्राचार्य सुभाष बौहरे, पूर्व व्याख्याता श्रीकृष्ण शर्मा, अनुराग बौहरे, अंगद सिंह, राघवेन्द्र सिंह, विनोद सिंह, मोहर सिंह आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।