रायपुरा में महिला को अवैध हथियार से लगी गोली, ग्वालियर रैफर

भिण्ड, 05 सितम्बर। दबोह थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुरा नं.दो में एक महिला रहस्यमय परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गई। अवैध हथियार से चली गोली उसके गले में जाकर फंस गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन उसे लहूलुहान अवस्था में तुरंत दबोह के सरकारी अस्पताल में ले गए। जहां से उसे ग्वालियर रैफर कर दिया गया। घटना रविवार सुबह 11 बजे की है। घटना की सूचना लगते ही दबोह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल में जुट गई है।
थाना दबोह के सहायक उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह उचाडिय़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम रायपुरा नं.दो निवासी 23 वर्षीय महिला शिवानी पत्नी सोनू जाटव को कट्टे से गोली लगी है। जिससे उसके गले में गहरे घाव हो गए हैं। घायल अवस्था में महिला को तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। महिला के पति सोनू का कहना है कि मेरी पत्नी घर में साफ सफाई कर रही थी। सफाई के दौरान उसे कट्टा दिखाई दिया, जिसे वह देखनी लगी। उसमें पहले से ही कारतूस लगा हुआ था, इस दौरान यह हादसा हो गया।
सूत्रों की मानें तो घरेलू झगड़े की वजह से महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। महिला का मायका लहार के पास सर्रगांव में बताया गया है और फिलहाल महिला का ग्वालियर में इलाज चल रहा है। ऐसे में सवाल ये है कि घर में अवैध हथियार कहां से आया और किस उद्देश्य से रखा था और महिला ने आत्महत्या के प्रयास में गोली चलाई या फिर किसी ने हत्या के इरादे से फायर किया। इन सब पहलुओं की जांच की जा रही है।