राज्यमंत्री भदौरिया करेंगे जल विहार महोत्सव का शुभारंभ आज

भिण्ड, 05 सितम्बर। गोरमी नगर के ऐतिहासिक जल विहार महोत्सव का शुभारंभ छह सितंबर मंगलवार शाम चार बजे मप्र सरकार में राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा माहेश्चरी जाटव करेंगी। जल विहार महोत्सव की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं, नगर परिषद द्वारा जल विहार महोत्सव में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिसमें मुख्य रूप से सात सितंबर को नगर के इंटर कॉलेज मैदान में रात्रि में खंजरिया भजन का कार्यक्रम, आठ सितंबर को देवी जागरण भजन संध्या संजो बघेल की पार्टी द्वारा किया जाएगा। नौ सितंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन मेला रंगमंच पर होगा, जिसमें देशभर के नामचीन कवि भाग लेंगे। 10 सितंबर को रामवीर मस्ताना एण्ड पार्टी द्वारा भजन संध्या का एवं रात्रि में लोक गीतों का कार्यक्रम आयोजित होगा। 11 सितंबर को मेला का समापन होगा।
नगर परिषद द्वारा जल विहार महोत्सव की तैयारी हेतु संपूर्ण नगर में जगह-जगह सजावट एवं लाइट की व्यवस्था की जा रही है। मेला प्रांगण में झूलों का आगमन हो गया है, इसलिए बच्चों की विशेष भीड़ देखी जा रही है। इस ऐतिहासिक जलविहार महोत्सव का नगर वासियों एवं आस-पास के लोगों को वर्ष भर इंतजार रहता है। कोरोनाकाल में पिछले दो वर्ष से मेला नहीं लग पाने की वजह से लोगों में मायूसी थी, नगर परिषद की अध्यक्ष पुष्पा महेश्वरी जाटव, उपाध्यक्ष रजनी ओमकार यादव एवं परिषद के पार्षदगण मेले की तैयारी को भव्य रूप देने में लगे हुए हैं।