सेना के नायब सूबेदार को सैनिक सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

गोरमी क्षेत्र के ग्राम नुन्हड़ निवासी नायब सूबेदार अरविन्द सिंह अरुणाचल प्रदेश में थे तैनात

भिण्ड, 03 सितम्बर। गोरमी क्षेत्र के ग्राम नुन्हड़ में 8 मराठा लाईट इंफेंट्री में पदस्थ सेना के नायब सूबेदार अरविन्द पाल की विगत दिवस अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुक जाने से मौत हो गई थी। उसकी अंत्येष्टि पैतृक गांव नुन्हड़ में सैनिक सम्मान के साथ की गई।


जानकारी के अनुसार गोरमी क्षेत्र के ग्राम नुन्हड़ निवासी नायब सूबेदार अरविन्द सिंह बघेल पुत्र विनय सिंह अरुणाचल प्रदेश में सेना की 8 मराठा लाईट इंफेंट्री में पदस्थ थे। विगत दिवस अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुक जाने से उनकी मृत्यु हो गई थी। सेना के द्वारा उनका शव शनिवार को सुबह उनके गृह गांव नुन्हड़ लाया गया, जहां गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया समेत भारी तादात में ग्रामीणजन मौजूद रहे। परिवार सहित सैकड़ों की संख्या में लोगों ने नायब सूबेदार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। नायब सूबेदार अरविंद सिंह अपने पीछे तीन बच्चे जिनमें दो पुत्री अंशु एवं लक्ष्मी तथा एक पुत्र आदित्य तथा पूरा भरा परिवार छोड़ कर देशहित में शहीद हो गए हैं।