संयुक्त संकल्प 1101 पौधारोपण टीम ने शा. उमावि जवासा में किया पौधों का रोपण

भिण्ड, 29 जुलाई। शुक्रवार को संयुक्त संकल्प आजाद अध्यापक के जिलाध्यक्ष एवं विकलांग वाल के राज्य सचिव द्वारा 13वें चरण में शा. उमावि जवासा परिसर मेंछायादार और फलदार पौधों का रोपण शिक्षा अधिकारी के सानिध्य में विद्यालय के बच्चों और समस्त स्टाफ द्वारा किया गया। अभी संयुक्त संकल्प टीम द्वारा पांच सैकड़ा से अधिक पौधों का रोपण हो चुका है और सभी पौधों को सुरक्षित जगह पर रोपण करने एवं उनकी अच्छी तरह से देखभाल होने के कारण सुरक्षित (जीवित) हैं। अभी इस टीम के द्वारा 600 पौधों का रोपण और होना है।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी हरीभुवन सिंह तोमर ने कहा की एक वृक्ष सौ पुत्र समान होता है, हम सभी को अपने जीवन में एक वृक्ष जरूर लगाना चाहिए, लगाने के बाद उसकी देख-रेख भी करना हमारा परम कर्तव्य है। उन्होंने अध्यापक के जिलाध्यक्ष बदन सिंह बघेल से कहा कि हमारे जन्मदिन के उपलक्ष्य में 1100 पौधे हमारी तरफ से लगाने में हमारा आप सहयोग करें।
इस अवसर पर एपीसी शैलेश त्रिपाठी ने कहा कि हमें खुली हवा में योग करना होता है, इसके लिए पेड़ की आवश्यकता होती। उन्होंने कहा कि जिनके माता-पिता नहीं है उनकी याद में एक-एक पेड़ जरूर लगाएं। आजाद अध्यापक के जिलाध्यक्ष बदन सिंह बघेल ने कहा कि हम एवं विकलांग बल के राज्य सचिव सौरभ बघेल भिण्ड जिले के चारों ओर हरियाली लाने की कोशिश करेंगे। अंत में विद्यालय के नवनियुक्त प्राचार्य रामभरत पोर्शिया ने शिक्षा अधिकारी, आगंतुक पदाधिकारी और समस्त विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में आईटी सेल आजाद अध्यापक संघ के गजराज सिंह भदौरिया, प्रधानाध्यापक राममहेश शर्मा, विमल दैपुरिया, बृजेश सिंह, संतोष शर्मा, रामजीलाल यादव, ऋतु जैन, राकेश सिंह, दीपचन्द्र जैन, राजीव त्रिपाठी, अरुण शर्मा, अमित पाठक, शिक्षक सत्यव्रत शर्मा, रामनिवास शर्मा, रामकिशन यादव एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।