मेहगांव में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष का हुआ जोरदार स्वागत

कार्यकर्ताओं ने मास्क लगाकर किया स्वागत

भिण्ड, 13 जनवरी। कांग्रेस पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी का भिण्ड आगमन हुआ। इस दौरान एनएसयूआई मेहगांव विधानसभा के अध्यक्ष अंकित तोमर के नेतृत्व में एक सैंकड़ा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं के साथ एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष का काफिला भिण्ड निकल गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए सभी ने मास्क लगाया। आज एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर स्वागत की तैयारी में कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मास्क देखने को मिले। जो आमतौर पर कई जगह भाजपा के स्वागत में नहीं दिखे।

बरुआ के काफिले में फंसी रही एम्बुलेंस

पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री शैलेंद्र बरुआ का ग्वालियर से भिण्ड तक जोरदार स्वागत हुआ। मेहगांव स्थित भिण्ड तिराहे पर एक एम्बुलेंस श्री बरुआ स्वागत के काफिले में फंसी रही। वहां से निकल रहे एनएसयूआई नेता ने एम्बुलेंस देखी तो वो तुरंत एम्बुलेंस निकलवाने पहुंच गए। ऐसे में भाजपा के कार्यकर्ता स्वागत समारोह में व्यस्त थे, वहीं मेहगांव पुलिस मूक दर्शक बनकर देख रही थी।