स्वदेशी अभियान राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार : नरवरिया

– आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के निमित्त सभी विधानसभा में होंगे सम्मेलन
– विधानसभा सम्मेलन की तैयारी को लेकर भाजपा की बैठक आयोजित

भिण्ड, 11 अक्टूबर। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के माध्यम से स्वदेशी जीएसटी का घर-घर प्रचार प्रसार करने हेतु जिले की पांच विधानसभा में सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जागृत किया जाएगा। घर-घर जाकर स्वदेशी का प्रचार प्रसार कर आत्मनिर्भर भारत और संकल्प अभियान का प्रारंभ कर जनता को स्वदेशी वस्तुएं खरीदने के लिए जागरूक बनाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पीडब्ल्यूडी कॉलोनी स्थित पर पार्टी जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें आगामी विधानसभा सम्मेलन एवं पत्रकार वार्ता की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया ने बैठक में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह महत्वपूर्ण अभियान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और संकल्प अभियान के निमित्त सभी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर स्वदेशी का प्रचार करना है ताकि हमारे भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और संदेश घर-घर पहुंचे, जिसकी जिम्मेदारी हम सब कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से भिण्ड सर्किट हाउस पर 17 अक्टूबर को पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसे प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को गोहद विधानसभा का सम्मेलन दोपहर 12 बजे शारदा मैरिज गार्डन, मेहगांव विधानसभा सम्मेलन 15 अक्टूबर रामलीला मैदान मेहगांव दोपहर 12 बजे एवं अटेर विधानसभा का सम्मेलन 15 अक्टूबर संगम गार्डन अटेर रोड दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा। बैठक में जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा एवं उपेन्द्र राजैरिया, जिला महामंत्री धीरसिंह भदौरिया एवं मनोज अनंत, जिलामंत्री डॉ. तरुण शर्मा एवं बजरंग सिंह भदौरिया, शोभित अग्रवाल, शेखर खटीक विशेष रूप से उपस्थित थे।