जिले में लगातार बढ रही है शक्ति दीदियों की संख्या, सात जरूरतमंद महिलाएं बनी शक्ति दीदी

– कलेक्टर ने एक पेट्रोल पम्प पर 3 महिलाओं को बनाया शक्ति दीदी
– अब तक जिले की 64 जरूरतमंद महिलायें बन चुकी हैं शक्ति दीदी
– महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने कलेक्टर चौहान ने किया है शक्ति दीदी नवाचार

ग्वालियर, 01 अगस्त। ग्वालियर जिले में शक्ति दीदियों की संख्या लगातार बढ रही है। शुक्रवार को 7 और जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी बनाई गईं। इन सभी महिलाओं ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभाल ली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिये ग्वालियर जिले में शक्ति दीदी के नाम से कलेक्टर चौहान ने नवाचार किया है। जिसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में पेट्रोल पंपों पर नौकरी दिलाकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। जिले में अब तक 64 जरूरतमंद महिलाएं विभिन्न पेट्रोल पंपों पर शक्ति दीदी के रूप में काम कर रही हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने शुक्रवार को इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन गोले का मन्दिर पर सुश्री छाया, सुश्री कल्पना भदौरिया व सुश्री कृष्णा शर्मा को फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी। कलेक्टर ने शक्ति दीदियों से चर्चा करते हुए कहा कि पूरी लगन और मेहनत के साथ कार्य करें। साथ ही अगर अवकाश पर जाना है तो पेट्रोल पंप संचालक को एक दिन पूर्व सूचित करें, ताकि पंप के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसी तरह सरोज फ्यूल शॉपी विक्की फैक्ट्री तिराहा पर एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह ने सुश्री पूजा विश्वकर्मा को, सेठ रतिलाल बेचारदास पम्प फूलबाग पर संयुक्त कलेक्टर डीएन सिंह ने सुश्री आरती को, विवेक ऑटोमोबाइल सांईबाबा मन्दिर रोड फूलबाग पर संयुक्त कलेक्टर वंदना जैन ने सुश्री शिवानी बाथम को एवं रामजानकी फ्यूल गदाईपुरा मुरैना रोड पर एसडीएम अशोक चौहान ने सुश्री नीतू को शक्ति दीदी के तहत फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी।
इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि शक्ति दीदियों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें प्रावधानों के अनुसार मानदेय व सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने थाना प्रभारी को भी निर्देश दिए कि जिन पेट्रोल पंप पर शक्ति दीदी तैनात हैं उन पर लगातार गश्त करते रहें। साथ ही एसडीएम, तहसीलदार पुलिस अधिकारी, पेट्रोल पंप संचालक एवं शक्ति दीदियों को शामिल कर एक वाट्सएप ग्रुप में नई शक्ति दीदियों को जोडें।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि वे पेट्रोल पंप पर अपने वाहनों में डीजल पेट्रोल भरवाते समय शक्ति दीदियों के प्रति सम्मान का भाव रखें। साथ ही उनकी हौसला अफजाई भी करें। पेट्रोल पंप पर शक्ति दीदी सुविधाजनक तरीके से काम कर सकें। इसके लिए उनके कार्य का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया है।