– संपत्तिकर वसूली में ग्वालियर प्रदेश में रहा दूसरे स्थान पर
ग्वालियर, 10 मई। प्रदेश भर में आयोजित नेशनल लोक अदालत में नगर निगम ग्वालियर द्वारा संपत्तिकर एवं जलकर में तीन करोड 80 लाख रुपए से अधिक की वसूली की है। संपत्तिकर वसूली में ग्वालियर प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा।
उपायुक्त एवं सहायक यंत्री एपीएस भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशन में समस्त वसूली प्रभारी द्वारा कार्य करते हुए नगर निगम ग्वालियर ने संपत्ति कर वसूली में आज नेशनल लोक अदालत के दौरान नवीन जिला न्यायालय परिसर में नगर पालिक निगम ग्वालियर संबंधी प्रकरण का निराकरण करते हुए प्रथम रसीद जिला न्यायाधीश ग्वालियर ललित किशोर द्वारा जारी की गई।
उच्च न्यायालय के आदेशानुसार आयोजित नेशनल लोक अदालत में नगर पालिक निगम ग्वालियर द्वारा ग्वालियर के सभी 66 वार्डों में संपत्तिकर के 1918 प्रकरणों का निराकरण किया गया। उक्त प्रकरणों का निराकरण करने पर 3 करोड 25 लाख रुपए से अधिक का संपत्तिकर प्राप्त हुआ। जिसमें ग्वालियर विधानसभा के अंतर्गत 451 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 53.32 लाख रुपए संपत्तिकर प्राप्त हुआ। ग्वालियर पूर्व विधानसभा में सबसे अधिक प्रकरण संख्या 761 निराकृत किए गए एवं सबसे अधिक संपत्तिकर राशि 1.55 करोड रुपए ग्वालियर पूर्व विधानसभा में प्राप्त की गई। इसी क्रम में ग्वालियर दक्षिण में 516 प्रकरण निराकृत कर 49 लाख से अधिक की राशि एवं ग्वालियर ग्रामीण में 190 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 67 लाख रुपए संपत्तिकर प्राप्त हुआ। नगर पालिक निगम ग्वालियर द्वारा जल प्रदाय के सभी कार्यालयों में लोक अदालत हेतु विशेष काउंटर जलकर वसूली हेतु लगाए गए थे। जलकर के रूप में 917 प्रकरणों का निराकरण करते हुए 54 लाख 33 हजार रुपए से अधिक जलकर प्राप्त किया गया। जिसमें अकेले मुरार उपखण्ड में ही 33 लाख 34 हजार रुपए वसूल किए गए। इस प्रकार नगर पालिक निगम ग्वालियर द्वारा नेशनल लोक अदालत अंतर्गत कुल 2835 प्रकरणों का निराकरण किया गया।