रात में तेज हवा के साथ हुई बारिश, किसान चिंतित

-सुबह से खिली धूप, अधिकतम तापमान में हुई गिरावट

भिण्ड, 13 अप्रैल। जिले में शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हुई। रात करीब एक से 2.30 बजे के बीच जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बारिश से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। रविवार सुबह से आसमान साफ है और ठंडी हवाओं के साथ धूप खिली हुई है।
यहां बता दें कि पिछले दो दिनों से भिण्ड का मौसम दिन में गर्म और रात में ठंडा बना हुआ है। शनिवार की देर रात आसमान में घने बादल छाए और रात 12.30 बजे से शुरू हुई रिमझिम फुहारें धीरे-धीरे तेज बारिश में बदल गईं। बिजली की चमक और बादलों की गरज से लोगों में भय का माहौल रहा।
फसलों में नुकसान की आशंका
इस अनिश्चित मौसम से किसान सर्वाधिक चिंतित हैं। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलों को तेज बारिश से नुकसान की आशंका है। जिन किसानों की फसल कट चुकी है और खेतों में पड़ी है, उन्हें फसल के सडऩे और खराब होने का भय सता रहा है।
अधिकतम तापमान में हुई गिरावट
बारिश का असर तापमान पर भी देखा गया है। बीते दिनों 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला अधिकतम तापमान रविवार को गिरकर 35 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों में मौसम में और बदलाव की संभावना है।