दीपावली पर शांति व्यवस्था हेतु गोरमी पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

भिण्ड, 30 अक्टूबर। दीपावली का पर्व शांति एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण में मनाने के लिए गोरमी पुलिस ने शनिवार की शाम को गोरमी बाजार में फ्लैग मार्च निकाला। आगामी दिनों में आने वाले दीपावली पर्व को देखते हुए गोरमी नगर में पुलिस द्वारा नगर के थाना प्रांगण से मुख्य मार्गों पर पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया और व्यापारियों एवं आमजन से अपील की कि दीपावली का पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं। दीपावली हम सबके जीवन में ज्योति पर्व के रूप में भी अहम स्थान रखता है, हम सब अंधकार से प्रकाश की और स्वयं व अपने समाज एवं देश को आगे बढ़ाएं। इस पावन बेला में एक दूसरे के साथ प्रेम भावना के साथ दीपावली का पर्व मनाएं। इस अवसर पर एसडीओपी राजेश सिंह राठौर, थाना प्रभारी सुरेश चंद शर्मा, एसआई वैभव तोमर एवं अन्य पुलिस बल द्वारा नगर में भ्रमण करते हुएं नगर वासियों से दीपावली पर्व पर अनैतिक कार्यों से दूर रहने की अपील की।