-घंटों कतार में लगने के बाद की श्रद्धालुओ ने की पूजा-अर्चना
भिण्ड, 26 फरवरी। महाशिवरात्रि के पर्व पर भिंड जिला शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। जिले के हर शिवालय में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और बम-बम भोले, हर-हर महादेव और ऊं नम: शिवाय के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। वनखंडेश्वर महादेव मंदिर, बौरेश्वर महादेव मंदिर, उमरेश्वर महादेव मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई।
सुबह चार बजे से ही मंदिरों के कपाट खुल गए और भक्तों ने पूजा-अर्चना, अभिषेक और रुद्राभिषेक किया। हजारों की संख्या में कांवरिया सोरो और श्रृंगीराम पुर से पवित्र गंगाजल लेकर आए और कोसों पैदल चलकर अपने आराध्य देव को जल अर्पित किया। जिलेवासियों ने कांवरियों का जगह-जगह स्वागत किया गया।
सुबह चार बजे शिवालयों में अनुष्ठान व अभिषेक के साथ शंख, झालर, डमरु के साथ शिवमंत्रों के उच्चारण सुनाई देने लगे। जैसे-जैसे सूर्योदय होता गया, शिवालयों के बाहर शिवभक्तों की कतार लगती गई। शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं और कई लोगों को दर्शन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। सभी भक्त भगवान शिव की भक्ति में लीन रहे और गंगाजल, बेलपत्र, धतुरा, चंदन आदि अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
लहार में वनखंडेश्वर महादेव पर पुलिस ने संभाली व्यवस्था
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल वनखंडेश्वर महादेव पर महिला एवं पुरुषों की दर्शनार्थियों की अपार थी। भीड़ को देखते हुए लहार थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने स्वयं व्यवस्था संभाली उनके साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। उधर महिलाओं की सुरक्षा हेतु महिला पुलिस आरक्षक भी महिलाओं के बीच मौजूद रही, जिससे लोगों को जल चढ़ाने में सुविधा हो सके। लोगों ने विधिवत तरीके से भोलेनाथ के दर्शन किए और जल चढ़ाया कॉवरियों ने भी सबसे पहले जल चढ़ाकर पहले भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। पुलिस प्रशासन द्वारा महाराणा प्रताप चौराहे के आसपास वाहन पार्किंग व्यवस्था बनाई गई थी, जिसमें लोगों को वहां वाहन रखने की सुविधा हो सके। शिव मंदिर पर जल चढ़ाने का सिलसिला देर शाम तक चला और मंदिर कमेटी द्वारा लोगों को प्रसाद वितरण किया गया एवं स्वल्पाहार कराया गया यहां पर भारी संख्या में भीड़ उपस्थित रही।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने लहार के नारदेश्वर महादेव पर जल चढ़ाया और पूजा अर्चना की। उधर पूर्व विधायक रसाल सिंह ने मेहरा आश्रम पर महादेव पर जल चढ़ाया और पूजा अर्चना की।